Kannauj: तीन लेखपालों ने 10 लाख लेकर कर दी गलत पैमाइश, पीड़ित के नहीं देने पर विपक्षी से लिए, जानें- पूरा मामला
कन्नौज में तीन लेखपालों पर रिपोर्ट दर्ज।
कन्नौज में तीन लेखपालों ने 10 लाख लेकर गलत पैमाइश कर दी। पीड़ित ने नहीं दिए तो विपक्षी से ले लिए। चार पर न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज।
कन्नौज, अमृत विचार। लेखपालों की टीम ने विपक्षी से 10 लाख रुपये लेकर हाईवे के किनारे की कीमती भूमि की गलत पैमाइश कर दी। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर सदर कोतवाली में तीन लेखपाल व शहर के निवासी एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला कचहरी टोला निवासी मोहम्मद इमरान पुत्र इरफान ने मोहल्ला बलायपुल निवासी अनवर हुसैन पुत्र अल्ला रखू, लेखपाल अभिषेक द्विवेदी, गौरव भदौरिया व एक अन्य लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि उसका एक प्लाट चौकी मुस्तफाबाद में है। बाईपास रोड से लगा हुआ है। उक्त भूमि का बैनामा 14 जून 2014 को उसके नाम है। अनवर हुसैन पुत्र अल्ला रखू निवासी बलायपुल सफदरगंज को उक्त भूमि देखरेख के लिए दी थी। वह भूमि कब्जाना चाहते हैं।
इसकी शिकायत करने पर 17 मई 2022 को राजस्व निरीक्षक की अध्यक्षता में तीन लेखपालों की टीम गठित की। टीम ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की क्योंकि जमीन गाटा संख्या 505 में राष्ट्रीय राजमार्ग 91 के चौड़ीकरण में जमीन गई थी। इसलिए काफी पैसा मिलना था। पैसा न देने पर राजस्व टीम ने कहा था कि उक्त भूमि को वह प्रार्थी को नहीं मिलने देंगे। लेखपालों ने उक्त भूमि का न तो बैनामा देखा न ही खतौनी और न ही दाखिल खारिज देखा।
लेखपालों ने अपनी रिपोर्ट में न तो उक्त भूमि पर बना मकान दिखाया न ही अन्य साक्ष्य। भूमि को अनवर हुसैन के पक्ष में दिखा दिया। जब उसने अनवर हुसैन से पूछा तो वह जान से मारने की धमकी दे रहा है।
लेखपालों से बात की तो वह कहने लगे कि दस लाख न देने पर यह किया गया है। अनवर ने रुपये दिए हैं। कहा कि हम लेखपाल हैं ज्यादा करोगे तो इस जमीन को ही गायब कर देंगे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है।
