Unnao: जैतीपुर स्टेशन के पास पहुंची गोरखपुर-पनवेल, जब अचानक ट्रेन के पहियों से निकलने लगी चिंगारी, फिर हुआ ये
उन्नाव में ट्रेन के पहियों से चिंगारी निकलते देख गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
उन्नाव के जैतीपुर स्टेशन के पास गोरखपुर-पनवेल के पहुंचते ही अचानक ट्रेन के पहियों से चिंगारी निकलते देख गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। जानकारी होने पर ट्रेन के यात्री बोगी से उतरकर भागे।
उन्नाव, अमृत विचार। जैतीपुर रेलवे स्टेशन के पास पनवेल से गोरखपुर जा रही ट्रेन के एक्सल से चिंगारी निकलती देख गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। जानकारी होते ही रन-थ्रू ट्रेन को आनन-फानन रोका गया। जानकारी होने पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ व रेलवे कर्मियों ने मरम्मत कर ट्रेन को ओके का सिग्नल दिया। इसके बाद यात्रियों व रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली और ट्रेन को गन्तव्य को रवाना किया गया।
अजगैन स्टेशन से ट्रेन पास होते ही समपार क्रासिंग से पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए गेटमैन की नजर पहिये से चिंगारी निकलते दिखी तो उसने जैतीपुर स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर रेलवे स्टाफ व आरपीएफ ने सजगता दिखाते हुए आनन-फानन में ट्रेन रुकवाई और लोको पायलट ने सहायक के साथ कोच का निरीक्षण किया। जहां पहियों के पास से धुंआ उठता दिखा।
इस पर रेल कर्मियों ने कुछ ही देर में तकनीकी खराबी दूर कर ली। इसके बाद ट्रेन को गन्तव्य की ओर रवाना किया गया। ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों व रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। रेल अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के पहिये से चिंगारी निकलने की जानकारी होने पर रेलवे स्टाफ ने ट्रेन रोककर उसकी मरम्मत की। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक खड़ी रही।
