लखनऊ: न्यूजीलैंड-जापान चखेंगे लंगड़ा और चौसा का स्वाद 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सरकारी प्रतिनिधि निरीक्षण कर दे गए स्वीकृति, 50 टन से होगी शुरुआत

प्रशांत सक्सेना/ अमृत विचार, लखनऊ। न्यूजीलैंड और जापान के लोग भी अब अपने उत्तर प्रदेश के लंगड़ा और चौसा आम का स्वाद चखेंगे। इन देशों को आम का निर्यात लखनऊ के रहमान खेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस से किया जाएगा। जापान के लोग यहां के आम का स्वाद पहली बार चखेंगे। जबकि न्यूजीलैंड में 2012 के बाद से दूसरी बार आम जाएगा। 14 अप्रैल को जापान और 19 अप्रैल को न्यूजीलैंड सरकार के आए प्रतिनिधि मैंगो पैक हाउस का निरीक्षण कर आम की गुणवत्ता, पैदावार, वेपर हीट ट्रीटमेंट और निर्यात के संसाधन की जानकारी कर गए हैं और शुरुआत में 50 टन आम का निर्यात करने की स्वीकृति दी है। इन देशों में हवाई जहाज से आम जाएगा। जिसकी मैंगो पैक हाउस ने साफ-सफाई से लेकर अन्य तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात व खाड़ी देशों में एक हजार टन आम का निर्यात करने का लक्ष्य है।

इन रेडिएशन से परीक्षण कर अमेरिका भेजने की तैयारी
मैंगो पैक हाउस इस बार अमेरिका आम भेजने की तैयारी कर रहा। क्योंकि अमेरिका में फल निर्यात करने के मानक काफी कठिन हैं। जो इन रेडिएशन के माध्यम से ट्रीटमेंट किए हुए फल खरीदता है। यह व्यवस्था प्रदेश में इससे पहले नहीं थी। इस कारण अमेरिका से आम निर्यात की सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि मथुरा में यूपीडा ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुम्बई की तकनीक पर इन रेडिएशन ट्रीटमेंट सेंटर बनाया है। यदि अमेरिका से आम निर्यात की सहमति बनी तो मथुरा से इन रेडिएशन से ट्रीटमेंट कर भेजा जाएगा। इन रेडिएशन ऐसा ट्रीटमेंट होता है जो किरणों के माध्यम से फल मक्खी या अन्य तरह के कीड़ों को खत्म कर देता है।

मलिहाबाद समेत आसपास जिलों का जाएगा आम
लखनऊ के मलिहाबाद व काकोरी आम पट्टी के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, प्रतापगढ़, वाराणसी, अयोध्या समेत आसपास जिलों से आम खरीदा जाएगा। जो मैंगो पैक हाउस से ट्रीटमेंट कर इन देशों में निर्यात किया जाएगा। यदि आम की मांग और बढ़ी तो सहारनपुर, मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा, बागपत आदि आम पट्टी जिलों से खरीदा जाएगा।

उत्तर प्रदेश से इन वर्षों में इतना हुआ निर्यात

2018 : 456
2019 : 841

2020 : 388

2021 : 434

2022 : 76

नोट : आंकड़े टन में।

पांच वर्ष में इन देशों में गया आम
इटली, लंदन, रोम, बरमिंहम, दोहा, कतर, चीन, कुवैत, स्वीटजरलैंड, मास्को, थाईलैंड, यूके, जर्मनी, कोरिया, आस्ट्रेलिया, नेपाल, दुबई, ओमान, इटली, ईरान, जद्दा, भूटान, रसिया, माले।

वर्जन-
मैंगो पैक हाउस से जापान और न्यूजीलैंड आम जाएगा। इन देशाें के आए सरकारी प्रतिनिधि ने निरीक्षण कर जानकारी की थी और निर्यात की स्वीकृति दी है। शुरुआत में 50 टन आम का निर्यात करेंगे। किसानों को भी फायदा होगा। - कैप्टन अकरम बेग, जनरल मैनेजर, मैंगो पैक हाउस, रहमान खेड़ा, लखनऊ।

ये भी पढ़ें - 22 अप्रैल का इतिहास : पृथ्वी दिवस मनाकर धरा को बचाने के संकल्प का दिन

 

संबंधित समाचार