प्रयागराज के मऊआइमा में नमाज के दौरान बवाल, पत्थरबाजी
प्रयागराज, अमृत विचार। मऊआइमा थाना क्षेत्र में मऊदोस्तपुर ईदगाह में शनिवार को ईद की नमाज़ के दौरान ईंट पत्थर चलने लगे। जिसमें एक युवक का सिर फट गया। पुलिस ने एक उपद्रवी को दौड़ाकर पकड़ लिया। ईदगाह कमेटी ने तीन नामजद और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। घायलों का उपचार कराया गया। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है।
गंगानगर के मऊआइमा कस्बा के मोहल्ला कोट महतवाना, अबू हलीम पटटी, कजियाना कलां, पूरे काजी आदि मोहल्लों के लोग ईद की नमाज़ मऊदोस्तपुर स्थित ईदगाह में पढ़ते हैं। जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी नमाज़ अदा करती हैं। हमेशा की तरह शनिवार को ईदगाह में नमाजी एकत्र हुए थे। सुरक्षा में पुलिस भी मौजूद थी। जैसे ही नमाजी सजदा के लिए गए, वैसे ही उन पर ईंट पत्थर चलने लगे। ये ईंट पत्थर ईदगाह के इमाम मौलाना असफाक सहित अन्य कई लोगों की पीठ पर लगे। ईंट लगने से मोहम्मद एबाद (17) पुत्र शफीउल्ला उर्फ छोटू का सिर फट गया। पुलिस ने पथराव के बाद भाग रहे युवक को दौड़ा कर पकड़ लिया। जिसने अपना नाम यशवंत पुत्र बच्चा लाल बताया। पथराव से नमाजियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ईदगाह में मची अफरातफरी को खत्म करने के लिए चौकी प्रभारी संजय मौर्या ने नमाजियों से सौहार्द बनाने की अपील की। यह आश्वासन दिया कि शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष की तहरीर पर मुकदमा
पुलिस ने माहौल को संभाल लिया है। पुरुष नमाजियों ने पहले महिलाओं को घर भेजा फिर पुरुष भी अपने अपने घरों को चले गए। ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष रहमत उल्ला ने आरोप लगाया है कि इसके पूर्व दो बार ईदगाह की बाउंड्री गिरा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा चुकी है। आरोप है कि कोई कार्रवाई न होने से आज इस तरह की घटना घटी है। पुलिस ने रहमत उल्ला की तहरीर पर यशवंत कुमार, अतुल कुमार और ईंट पत्थर मारने के लिए उकसाने पर राहुल मौर्या के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें - हमीरपुर: पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज
