शिवम हत्याकांड: ट्रांसपोर्ट मुनीम की हत्या का आरोपी नीरज गुप्ता 11वें दिन गिरफ्तार
कन्हैया होजरी का मालिक है आरोपी, गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती होने की फोटो वायरल होने पर पुलिस ने पकड़ा
फोटो- हत्यारोपी नीरज गुप्ता।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। ट्रांसपोर्ट के मुनीम शिवम जौहरी की कन्हैया हौजरी के गोदाम में पीट-पीटकर हत्या कर देने के मामले में सदर बाजार पुलिस ने मुख्य आरोपी कन्हैया हौजरी मालिक नीरज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार की रात आरोपी नीरज की गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती होने की फोटो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई थी, जिसके बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस आरोपी से पूछतांछ कर रही है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, आरोपी को पुलिस गुरुग्राम के अस्पताल से लाई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इस बाबत कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है। बता दें कि इस हत्याकांड में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं।
बता दें कि 11 अप्रैल को सूरी ट्रांसपोर्ट के मुनीम शिवम जौहरी निवासी अजीजगंज की मोहल्ला तारीन बहादुरगंज में स्थित कन्हैया हौजरी के गोदाम में नग चोरी के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट के तीन कर्मचारियों को भी पीटकर घायल कर दिया था। मृतक शिवम जौहरी के पिता अधीश जौहरी ने सूरी ट्रांसपोर्ट के मालिक वंकिम सूरी, कन्हैया हौजरी मालिक नीरज गुप्ता आदि के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सदर बाजार पुलिस ने सूरी ट्रांसपोर्ट मालिक वंकिम सूरी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। जबकि मुख्य आरोपी कन्हैया हौजरी का मालिक नीरज गुप्ता फरार चल रहा था। आरोपी नीरज गुप्ता का एक फोटो सोशल र्मीडिया वायरल हुआ था। फोटो गुरुग्राम के एक अस्पताल का बताया जा रहा था। आरोपी इलाज कराता दिख रहा था। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया था।
अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद पकड़ा
आरोपी कन्हैया हौजरी मालिक नीरज गुप्ता गुरुग्राम में एक अस्पताल में भर्ती था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। जब उसका अस्पताल का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस के लिए गिरफ्तारी आसान हो गई। बताते है कि पुलिस की एक टीम गुरुग्राम गई थी। उसे पता चला कि पुलिस आ रही है तो अस्पताल से डिस्चार्ज कराके अस्पताल से निकला तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वहां से डिस्चार्ज होकर यहां आया था और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कन्हैया होजरी मालिक नीरज गुप्ता को शाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस घटना में दो आरोपी अभी और फरार हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है- वीएस वीर कुमार, सीओ सिटी।
ये भी पढ़ें- Shahjahanpur: जिले में अव्वल ग्राम पंचायत के प्रधान का दिल्ली में सम्मान
