Shahjahanpur: जिले में अव्वल ग्राम पंचायत के प्रधान का दिल्ली में सम्मान
नई दिल्ली में मनाया गया राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह
शाहजहांपुर, अमृत विचार। नई दिल्ली में 17 से 21 अप्रैल तक मनाए गए राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सप्ताह नामक कार्यक्रम में विकास खंड सिंधौली की ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर के युवा ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के 58 प्रधानों को आमंत्रित किया गया था। इनमें शाहजहांपुर से ग्राम प्रधान अनिल ने प्रतिनिधित्व कर जिले का मान बढ़ाया है।
समारोह में प्रतिभाग कर लौटे ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 58 प्रधान, पांच जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नौ ब्लॉक प्रमुख समेत देश के 34 प्रदेशों से 1030 जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया था। समारोह में सभी ने अपने अनुभव साझा किए।
भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महात्मा गांधी सदैव कहते थे कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है, इसलिए हमारे देश के सभी गांव जल्द से जल्द मॉडल व सुंदर होने चाहिए, जिससे हम दुनिया को दिखा सकें कि हमारा भारत देश कितना स्वच्छ व सुंदर है।
उन्होंने सभी को राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संदेश दिया। इस मौके पर केंद्रीय पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय पंचायत राज राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल आदि ने समारोह की नौ थीमों का महत्व समझाते हुए जनप्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया। समारोह में ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने अपनी ग्राम पंचायत का प्रदर्शन करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
यह भी पढ़ें- Shahjahanpur: कलयुगी बेटे ने खून के रिश्ते को किया तार-तार, पिता और दादी को मारी गोली
