UP Weather: काले बादल छाने के साथ बारिश ने मौसम को किया खुशनुमा, यहां जानें- कानपुर समेत आसपास जिलों का हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश।

कानपुर में काले बादल छाने के बाद बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। कानपुर फतेहपुर, महोबा व में मौसम में परिवर्तन हुआ।

कानपुर टीम, अमृत विचार। कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, महोबा, उन्नाव, बांदा समेत आसपास जिलों में दोपहर से धूल भरी आंधी के साथ मौसम में परिवर्तन हुआ। काले घने बादलों के साथ रिमझिम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। आंधी के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। काले घने बादल छाने से दिन में ही शाम जैसा नजारा दिखने लगा। 

कानपुर देहात : खेतों में रबी की फसल पकी खड़ी है तो कहीं काटी जा चुकी है, लेकिन आजकल आसमान में मंडराने वाले काले बादलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार दोपहर आई आंधी और बूंदाबांदी से किसानों की फसल में नमीं से नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश हुई तो फसलों का नुकसान लगभग तय है। वहीं आंधी-बूंदाबांदी को देखे हुए किसान फसल बटोरने में जुट गए हैं और गेहूं कटाई व थ्रेसिंग कार्य जोरों पर किया जा रहा है।

Weather News k

फतेहपुर : मौसम का मिजाज अभी ठीक नही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि मौसम विभाग ने 24 से 26 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जाहिर की है। तेज हवाएं चलने के साथ अगर मध्यम बरसात होती है तो किसानों को सीधा इसकी चोट लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ वसीम खान का कहना है कि इस दौरान जिले का अधिकतम तापमान 38 से 40 व न्यूनतम 20 से 21 डिग्रीसेल्ससियस के बीच रह सकता है। हवा की दिशा ज्यादातर उत्तर पूर्वी से उत्तर पश्चिमी होगी। हवा की गति सामान्य बने रहने की संभावना है। ऐसे में जायज व सब्जी में सिंचाई न की जाए। दवाओं का छिड़काव भी रोक रखा जाए।

Weather News f

महोबा : जिले में अचानक बदले मौसम के मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिली।वही तेज आंधी और बूंदाबांदी से जनजीवन अस्त व्यस्त होकर रह गया। अचानक दिन में करीब दो बजे आई तेज आंधी से कई दुकानों के तीन टप्पर उड़ गए। लोगों के घर गुबार और धूल से लबरेज हो गए। लोग आंधी से बचने के लिए घरों के अंदर पहुंच गए, जबकि दुकानदार अपना सामान अंदर करने में जुटे रहे। खेतों में चल रही कटाई से किसानों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई खेतों में रखी गेहूं की फसल उड़ गई वही बूंदाबांदी से फसल को नुकसान भी हुआ।

उन्नाव : भीषण गर्मी के बाद लोगों को हल्की बारिश से राहत मिली है। बीते दिनों आसमानी आग ने लोगों को परेशान कर दिया था। सूरज के तेवर तल्ख होने से लोग बीमारी की चपेट में आने लगे थे। लेकिन रविवार को अचानक मौसम में बदलाव हुआ। बादलों की आवाजाही के बीच हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत दी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश कम होने से इसका खासा असर नहीं पड़ा है। लेकिन, आसमान में बादल देख किसानों की धुकधुकी बढ़ी रही। शहरी क्षेत्रों में लोगों ने बारिश का आनंद लिया। पछुवा हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया। बारिश बंद होने पर लोग परिवार के साथ बाहर निकले और मौसम का लुत्फ उठाया। तपती जमीन पर बारिश की ठंडी बूंदे गिरने से कुछ हद तक गर्मी से राहत भी मिली है।

Weather News

बांदा : रविवार की दोपहर में आसमान पर जैसे ही बादल दिखाई दिए किसानों के दिल की धड़कने बढ़ गई । गेहूं की फसल अभी घर नहीं पहुंच सकी है। फसल अभी खेत और खलिहान में है। बदलते मौसम से जहां आम जनजीवन में लोगों को राहत महसूस होती है वही किसानों को साल भर की मेहनत पर पानी फिरता दिखाई देने लगता है। किसानों का कहना है कि पिछले एक पखवारे से पड़ रही गर्मी के बाद दो दिन पहले ही तेज बारिश और ओले पड़े थे जिससे अभी राहत नहीं मिल सकी है । आज फिर अगर बारिश हुई तो निश्चित ही फसलों का नुकसान होगा।

 

Weather News b

औरैया : रविवार को तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया।

 

संबंधित समाचार