अयोध्या: आग लगने से दो किसानों की चार बीघा गेहूं की फसल जली
हैदरगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव के पास खेत में अज्ञात कारणों से लगी आग ने दो किसानों की खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। घटना बीकापुर तहसील के ग्राम पंचायत जाना मजरे कैथौलिया की है।
रविवार की सुबह आसपास खेत में खड़ी गेहूं की फसल में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना पर पहुंचे गांववासियों समेत पीआरबी की टीम व फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। श्रीरामपुर गांव निवासी किसान प्रभात पांडे व भोला यादव की 4 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल शिवकुमार ने बताया क्षति का आंकलन कर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ में चल रहीं धूल भरी तेज हवाएं, बूंदाबांदी ने दी गर्मी से राहत
