मुरादाबाद: कुत्तों ने सात साल के बच्चे को नोच कर मार डाला, खेत पर पिता को चाय देने जा रहा था मासूम
बिलारी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के रुस्तमपुर खास गांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। खेत पर पिता को चाय देने जा रहे सात वर्षीय बच्चे को जंगल में कुत्तों के झुंड ने नोच कर मार डाला। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बच्चे को कुत्तों को छुड़ाया।
परिजन और ग्रामीण उसे सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी।
गांव रुस्तमपुर खास निवासी नेम सिंह यादव मजदूरी और किसानी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रविवार सुबह वह अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे।
सुबह लगभग 9:30 बजे सात वर्षीय बेटा सर्वेंद्र और बेटी राधिका खेत पर चाय देने जा रहे थे। तभी जंगल में दर्जन भर कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने सर्वेंद्र को नोचना शुरू कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। गर्दन, सर और मुंह पर गहरे घाव हो गए।
इस दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने कुत्तों से बालक को छुड़ाया। जिसके बाद परिजनों के साथ उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने भी जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बताया कि सर्वेंद्र गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था।
सपा विधायक ने पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
दिल दहला देने वाली घटना की सूचना पर सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान तत्काल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक मदद देने का वादा किया और उन्होंने तत्काल ही एसडीएम राजबहादुर सिंह से आवारा कुत्तों को पकड़वाने को कहा। विधायक ने कहा कि दिल को झकझोर देने वाली घटना बेहद ही दुखद है।
कुत्ते पकड़वाने को ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बिलारी। ग्राम प्रधान सोमपाल ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में खूंखार कुत्ते हैं जो पूर्व में भी कई घटना कर चुके हैं बताया कि कई बार बकरियों और भैंसों के बच्चे भी हमले का शिकार हो चुके हैं जिनकी मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है ।
परंतु अभी तक आवारा कुत्ते नहीं पकड़े जा सके हैं इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है । ग्रामीणों ने कहा कि इस समय ग्रामीण खेतों में काम कर रहे हैं। बताया कि जंगल में जाने में सभी को खतरा महसूस हो रहा है । प्रदर्शन करने वालों में पान सिंह सत्यवीर सिंह रामवीर सिंह संजीव कुमार ,राजू कुमार, हरिओम ,नरेश कुमार ,धर्मवीर ,जोगिंदर सिंह ,राम भरोसे रायसिंह ,पंकज कुमार, प्रदुमन कुमार, जीतपाल शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बच्चों को घर से नहीं निकलने दे रहे ग्रामीण
बिलारी। 7 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ हुई दिल दहला देने वाली घटना से ग्रामीण दहशत में है ग्रामीण अपने बच्चों को खेत पर जाना तो छोड़ो ,घर से भी नहीं निकलने दे रहे हैं ।
परिवार में सबसे दुलारा था सर्वेंद्र
बिलारी। खूंखार कुत्तों के हमले में जान गंवाने वाला सर्वेंद्र 7 साल का था परिवार में सबसे छोटा था सभी परिवार वाले उसे बेहद लगाव रखते थे बताया कि वह रविवार होने की वजह से स्कूल नहीं गया था वह पढ़ाई में भी होशियार था पिता नेम सिंह ने बताया कि वह खेत पर नहीं जाता था। आज स्कूल नहीं जाने की वजह से वह जिद करके खेत पर चला गया।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद : कब्रिस्तान में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका
