अयोध्या: भाजपा के महापौर व पार्षद प्रत्याशी कल एक साथ करेंगे नामांकन
सातों निकायों के अध्यक्षों व 60 पार्षद उम्मीदवारों के नामों का ऐलान
अमृत विचार, अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन समाप्ति की तिथि से एक दिन पहले रविवार को महापौर प्रत्याशी छोड़कर सातों निकायों के अध्यक्षों के नाम का ऐलान कर दिया। साथ ही निगम क्षेत्र के 60 पार्षद उम्मीदवारों की भी घोषणा कर दी है।
रुदौली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए राजेश गुप्त, नगर पंचायतों में भदरसा में राम सेवक, गोसाईगंज में विजय लक्ष्मी जायसवाल, बीकापुर में राकेश कुमार पांडेय, कुमारगंज में चंद्रबलि सिंह, मां कामख्या से शीतला प्रसाद शुक्ल और खिरौती सुचित्तागंज से कविता कुमारी रावत को मैदान में उतारा है। भाजपा के अयोध्या नगर निगम के महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नगर निगम संयोजक कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 12 बजे गांधी पार्क में एकत्रित होने के बाद भाजपा के महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशी संयुक्त रूप से नामांकन दाखिल करने के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद 2 बजे गांधी पार्क में सभा होगी।
भाजपा मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि सभा को प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अयोध्या नगर निगम चुनाव के सह प्रभारी प्रांशु दत्त द्विवेदी संबोधित करेंगे। सभा के लिए भाजपा के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से हर बूथ की उपस्थिति दर्ज कराने की जिम्मेदारियां सौपी गयी है। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व भाजपा के पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। उधर, कुमारगंज में रविवार को रालोद से आभा सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। खबर लिखे जाने तक भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं हो सका था।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : शाहजहांपुर से सपा की मेयर पद प्रत्याशी अर्चना वर्मा बीजेपी में शामिल, कई नेताओं की हुई एंट्री
