बहराइच: अन्ना मवेशी के हमले में बुजुर्ग की मौत, महिला लखनऊ रेफर

बहराइच: अन्ना मवेशी के हमले में बुजुर्ग की मौत, महिला लखनऊ रेफर

बहराइच, अमृत विचार। जनपद के पयागपुर और मोतीपुर थाना क्षेत्र में घर जा रहे वृद्ध पर सांड ने हमला कर दिया। हमले में वृद्ध की मौत हो गई। जबकि महिला का इलाज लखनऊ में चल रहा है। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पटीहाट निवासी देव नारायण पाण्डेय (75) रविवार को खेत गए थे। खेत से वापस आते समय घर के निकट वह दोपहर में पहुंचे। 

तभी सांड ने वृद्ध को सींग से उठाकर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों ने दौड़ कर सांड से बचाया। इसके बाद उन्हें सीएचसी में पहुंचाकर भर्ती कराया। यहां इलाज में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रात में उनकी मौत हो गई। 

जिस पर परिवार के लोग शव लेकर वापस जिला मुख्यालय के लिए रवाना हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर मोतीपुर क्षेत्र के बरुहा गांव निवासी भगोना देवी (60) पत्नी भगौती रामपुर बाजार शनिवार को शाम  सामान लेने आयी थी। सामान ले कर घर वापस जा रही थी। महिला जैसे किंकर वर्मा के खेत के पास पहुंची। 

वहीं अन्ना मवेशी ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गयी। आनन फानन में आस पास के लोगो ने सूचना एंबुलेंस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाया गया है। हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घायल महिला के पुत्र राम सूरत ने बताया कि लखनऊ में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: दरगाह में संचालित दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान