अयोध्या: सरकारी और मान्यता प्राप्त हाईस्कूल व इंटर कॉलेज में अब आनलाइन हाजिरी होगी अनिवार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जुलाई से व्यवस्था लागू करने की तैयारी, लगानी होगी बायोमेट्रिक मशीन

अयोध्या/अमृत विचार। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में अब शिक्षकों के साथ ही नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की भी ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। यह उपस्थिति माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इससे वजीफा में फर्जीवाड़ा करने वालों पर रोक लगेगी। इसे लेकर जिला स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। हालांकि अभी यह नहीं तय है कि पहले चरण में कितने कालेज पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जानी हैं।
 
जिले में 461 हाईस्कूल और इंटर कॉलेज हैं। इनमें 345 कालेज वित्त विहीन और 40 संस्कृत सहायता प्राप्त हैं। इसके अलावा 50 माध्यमिक के सहायता प्राप्त और 26 राजकीय इंटर कालेज है। इन कालेजों में अब शिक्षकों और छात्र - छात्राओं की ऑनलाइन हॉजिरी लगेगी। बताया गया कि यह पहल वजीफा और प्रतिपूर्ति के फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए हो रही है।

छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी शुरू करने की कवायद समाज कल्याण विभाग और शिक्षकों के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने की है। विभाग का कहना है कि छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों की 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी। यह व्यवस्था जुलाई से लागू होने की संभावना है। इसके तहत कॉलेज के प्रवेश द्वार पर बायोमैट्रिक मशीन रखी जाएगी।

विद्यार्थियों को प्रवेश करने पर अंगूठा लगाना होगा इसके बाद ही कक्षाओं में दाखिल होंगे। एक कॉलेज में दो बायोमैट्रिक मशीन रखी जाएगी। डीआईओएस वीरेश कुमार ने बताया कि जिले के सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य करने पर विचार किया जा रहा है। जुलाई माह से इसकी शुरुआत होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: ग्राम प्रधान के घर से नकदी समेत पांच लाख की चोरी, पुलिस ने दो को लिया हिरासत में

संबंधित समाचार