UP Nikay Chunav: सपा-कांग्रेस की ब्राह्मण घेराबंदी से दोहराया प्रमिला का टिकट, दिल्ली तक खींचतान के बाद ऐसे बचाया…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में सपा-कांग्रेस की ब्राह्मण घेराबंदी से दोहराया प्रमिला पांडेय का टिकट।

UP Nikay Chunav 2023 कानपुर में सपा-कांग्रेस की ब्राह्मण घेराबंदी से दोहराया प्रमिला पांडेय का टिकट। दिल्ली तक खींचतान के बाद पूर्व महापौर ने टिकट बचाया। सपा-कांग्रेस से भी ब्राह्मण प्रत्याशी रोचक मुकाबला बनाएंगे। वहीं, बसपा ने पिछड़ा प्रत्याशी उतारा। जबकि आप से मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में।

कानपुर, [डॉ. संजीव मिश्र]। UP Nikay Chunav 2023 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व तक चली खींचतान के बाद पूर्व महापौर प्रमिला पांडेय ने अपना टिकट बचा लिया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से ब्राह्मण प्रत्याशी उतारे जाने के बाद हुई घेराबंदी के कारण भी कानपुर नगर निगम के महापौर के लिए प्रमिला का टिकट दोहराया गया है। 

कानपुर नगर निगम के महापौर की टिकट के लिए भारतीय जनता पार्टी को खासी मशक्कत करनी पड़ी है। दरअसल यहां भारतीय जनता पार्टी की टिकट के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कानपुर में शुरुआती सक्रियता के समय से जुड़े बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह परिवार की बहू नीतू सिंह का नाम तेजी से चल रहा था। इसके अलावा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कमलावती सिंह के नाम की भी चर्चा थी। नीतू सिंह व कमलावती सिंह ने नामांकन फार्म भी खरीद लिये थे। 

भाजपा की टिकट की मशक्कत के बीच समाजवादी पार्टी ने विधायक अमिताभ वाजपेयी की पत्नी वंदना बाजपेयी और कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश सचिव विकास अवस्थी की पत्नी आशनी अवस्थी को टिकट दिया है। सपा व कांग्रेस से ब्राह्मण प्रत्याशी उतारे जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के सामने ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने का दबाव बन गया था। एक ओर संघ की ओर से नीतू सिंह का नाम चल रहा था, तो भाजपा संगठन से कमलावती सिंह की मजबूत दावेदारी थी।

इनके बीच खींचतान इस कदर बढ़ी कि मामला दिल्ली दरबार तक पहुंच गया। अंतत: मामला ब्राह्मण दावेदारी के पक्ष में घूमा और प्रमिला पांडेय एक बार फिर महापौर का टिकट पाने में कामयाब हो गयीं।

वैसे कानपुर नगर का चुनाव अब रोचक हो गया है। समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के ब्राह्मण प्रत्याशियों ने भाजपा के ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है। समाजवादी पार्टी को ब्राह्मणों के साथ यादव सहित पिछड़े वर्ग व मुस्लिम वोटबैंक का सहारा है। वहीं कांग्रेस भी अपने परंपरागत वोट बैंक के साथ ब्राह्मण वोट बैंक की ओर देख रही है।

कांग्रेस का मानना है कि यदि पार्टी भाजपा से सीधे टक्कर में दिखाई दी, तो उन्हें मुस्लिम वोट भी मिलेगा। वैसे आम आदमी पार्टी ने इस्मा जहीर के रूप में मुस्लिम प्रत्याशी उतारकर इनकी चिंता बढ़ा दी है। दलित वोट बैंक के साथ पिछड़ों का समीकरण सहेजने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अर्चना निषाद को प्रत्याशी बनाया है। 

पचौरी ने ही सबसे पहले चलाया था ‘मिशन ब्राह्मण’

भारतीय जनता पार्टी की महापौर प्रत्याशी के रूप में नीतू सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा था। नीतू सिंह कानपुर नगर के सांसद सत्यदेव पचौरी की बेटी भी हैं। आज जिस ब्राह्मण घेराबंदी ने नीतू सिंह को टिकट से दूर किया है, 19 साल पहले कानपुर को ब्राह्मणों का गढ़ बताने की मशक्कत भी पचौरी ने ही की थी। 2004 के लोकसभा चुनाव में मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना नगर से प्रत्याशिता के लिए प्रयासरत थे। उस समय सत्यदेव पचौरी ने ‘मिशन ब्राह्मण’ चलाकर लोकसभा का टिकट पाया था। आज नीतू सिंह का टिकट न हो पाने पर कार्यकर्ताओं में चर्चा रही कि आज पचौरी का ‘मिशन ब्राह्मण’ उनकी बेटी के लिए खतरनाक साबित हो गया।

पुरबिया बनाम कान्यकुब्ज की लड़ाई

ब्राह्मण वोट बैंक की खींचतान के बीच ब्राह्मणों में भी पुरबिया बनाम कान्यकुब्ज ब्राह्मण की लड़ाई की चर्चा शुरू हो गयी है। कहा जा रहा है कि कानपुर में सर्वाधिक संख्या कान्यकुब्ज ब्राह्मणों की है और सपा व कांग्रेस के प्रत्याशी कान्यकुब्ज ब्राह्मण हैं। इसके विपरीत प्रमिला पांडेय को पूर्वांचल की यानी पुरबिया ब्राह्मण हैं। हालांकि भाजपा के नेता इसे सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा को पहले भी सभी ब्राह्मणों का वोट मिलता रहा है, इस बार भी मिलेगा। 

‘डबल इंजन’ के मुकाबले ‘रिवाल्वर चाची’

यह चुनाव ‘डबल इंजन’ बनाम ‘रिवाल्वर चाची’ की भिड़ंत का चुनाव भी बन रहा है। समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ वाजपेयी ने कहा है कि उनकी पत्नी के महापौर बनने पर कानपुर नगर निगम ‘डबल इंजन’ वाला हो जाएगा। वे स्वयं विधायक हैं और उनकी पत्नी महापौर होंगी, तो दो इंजन एक साथ हो जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी इसे काटते हुए कह रही है कि कानपुर में भाजपा का महापौर प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकारों के साथ ‘ट्रिपल इंजन’ लेकर चलेगा। वैसे प्रमिला पांडेय को लोग ‘रिवाल्वर चाची’ भी कहते हैं। इसलिए कहा जा रहा है कि भाजपा ने ‘डबल इंजन’ के मुकाबले ‘रिवाल्वर चाची’ को उतारा है।

नीतू व कमलावती ने खरीद लिए थे नामांकन फार्म

भारतीय जनता पार्टी में टिकट को लेकर कयास तो कई दिन से लग रहे थे, किन्तु कुछ दावेदारों को भरोसा भी मिल रहा था। यही कारण है कि नीतू सिंह व कमलावती सिंह ने तो बाकायदा नामांकन फार्म तक खरीद लिए थे। नीतू सिंह के नामांकन जुलूस के फर्जी पोस्टर भी वायरल हो गए थे, जिस पर खंडन के साथ मुकदमा तक कायम करा दिया गया था।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

कांवड़ यात्रा को लेकर लखनऊ में सख्ती, मुख्य मार्गों पर बंद रहेंगी नॉनवेज की दुकानें; FSDA करेगा खाद्य पदार्थों की जांच
CJP Protest: CJP का रुख बरकरार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ स्वीकार नहीं, जानें CJP के प्रदर्शन पर क्या बोले RSS नेता इंद्रेश कुमार
लखनऊ में भोजपुरी अभिनेत्री ने दर्ज कराया साइबर फ्रॉड का केस, बेटी की AI से अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप 
हरदोई सड़क हादसा: तेज रफ्तार बनी जानलेवा, पेड़ से टकराई बाइक; किसान की दर्दनाक मौत
Parliament Monsoon Session Day 5: राज्यसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित, CJP से बातचीत के लिए कंस्टीट्यूशन क्लब पहुंचे जेपी नड्डा