पीलीभीत: पूर्णांगिरि से लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको पलटी, मां की मौत, बेटी गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार। मां पूर्णांगिरि दरबार से लौटते वक्त श्रद्धालुओं की ईको अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

शाहजहांपुर जनपद के थाना निगोही क्षेत्र के गांव पिपरिया उदयभानपुर निवासी भगवान देवी (47) पत्नी राजपाल अपने परिवार के साथ मां पूर्णागिरि दरबार गए थे। दर्शन करने के बाद ईको में सवार होकर वापस घर आ रहे थे। बीसलपुर-शाहजहांपुर हाईवे पर ग्राम खनंका के पास पहुंचते ही ईको अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में भगवान देवी, उनकी बेटी मीनाक्षी, आकांक्षा कार में ही फंसकर घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से बमुश्किल ईको में फंसी मां-बेटियों  को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में निजी वाहन से घायलों को बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने भगवान देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि पुत्री मीनाक्षी व आकांक्षा को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 

उधर, महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार वाले भी आ गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जानकारी की। इसमें चालक के हादसे के बाद भागने की बात सामने आई। पुलिस उसके बारे में जानकारी करती रही। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक महिला की मौत हुई है। महिला की दो बेटी घायल हुई है। उन्हें अस्प्ताल भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, पीलीभीत रोड पर ग्राम परसिया के पास चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध घायल हो गया। घायल बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम डंडिया भगत निवासी प्यारे लाल पुत्र भगवानदास काम निपटाकर बीसलपुर से वापस जा रहे थे। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीतः दरोगा ने लिखाई 21 नामजद और 25 अज्ञात महिला-पुरुषों पर एफआईआर, जाने क्या है पूरा मामला 

 

संबंधित समाचार