Bareilly: CMO के आदेश पर भी नहीं आए डॉक्टर, ओपीडी में मरीज परेशान
जिला महिला अस्पताल में एक डॉक्टर के भरोसे चल रही ओपीडी
फोटो- जिला महिला अस्पता में ओपीडी की लाइन में लगी मरीज
बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। पूर्व में यहां तैनात रहे तीन डॉक्टर प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रिलीव कर दिए गए हैं। चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों जिला महिला अस्पताल की सीएमएस ने सीएमओ को पत्र भेजकर डॉक्टरों की तैनाती की मांग की थी। इसपर सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने सीएचसी-पीएचसी पर तैनात तीन डॉक्टरों को यहां संबद्ध किया था, लेकिन चार दिन का समय बीतने के बाद भी डॉक्टरों ने कार्यभार नहीं संभाला है।
ये दिया तर्क
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन डॉक्टरों को यहां तैनात किया गया है। उनके केंद्र प्रभारी डॉक्टरों को रिलीव नहीं कर रहे हैं वहीं तर्क दिया है कि स्वास्थ्य केंद्र पर भी डॉक्टरों की कमी है। जिसके चलते उन्हें यहां से भेजने पर व्यवस्थाएं प्रभावित हो जाएंगी। जबकि सीएमओ ने फौरन डॉक्टरों को नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए थे।
जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के चलते सोमवार को भी एक स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ही मरीजों की ओपीडी करते नजर आईं। अस्पताल में यह नजारा बीते कई दिनों से देखने को मिल रहा है। बावजूद इसके उच्चाधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हालांकि सोमवार को दोबारा से प्रबंधन की ओर से सीएमओ को पत्र भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: नेपाल के पश्चिमी विश्वविद्यालय और रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने किया एमओयू
