बरेली: भाजपा में पार्षदों के टिकट बंटवारे पर कलह जारी, सोशल मीडिया पर तरह-तरह के आरोपों से घिरे पार्टी के नेता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भाजपा की ओर से रविवार देर शाम पार्षदों के टिकट की सूची जारी करने के बाद सोशल मीडिया पर निराश दावेदारों की प्रतिक्रियाओं का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। पार्टी नेताओं पर धोखाधड़ी और भेदभाव के साथ पैसों के आधार पर टिकट तय करने के खुलकर आरोप लगाए जा रहे हैं।

टिकट कटने के बाद मायूस दावेदारों के साथ उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी सोशल मीडिया पर जमकर तीखी टिप्पणियां कर रहे हैं। दिलचस्प यह है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की तमाम पोस्ट में महानगर अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी टैग किया गया है लेकिन फिलहाल पार्टी नेताओं ने चुप्पी साध रखी है।

निवर्तमान पार्षद राजकुमार गुप्ता ने महानगर अध्यक्ष समेत तमाम लोगों फेसबुक पर टैग करते हुए की गई पोस्ट में एक विधायक पर टिकट कटवाने का आरोप लगाया है, साथ ही लिखा है कि उन्हें उनकी वफादारी का इनाम टिकट काटकर दिया गया है। एक पूर्व महानगर अध्यक्ष पर भी टिकट कटवाने का ठीकरा फोड़ा है।

रोहित वर्मा ने भी इसी तरह कई लोगों को टैग करते हुए लिखा है कि इस बार निष्ठा हार गई और पैसा जीत गया... वार्ड- 48। पूनम शशि गौतम ने भी महानगर अध्यक्ष समेत तमाम लोगों को टैग करते हुए पोस्ट की है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता ने सलाह दी थी कि ज्यादा मेहनत मत करो, बाद में मन खट्टा होगा। अवश्य जिसने भी उनकी गति को विराम दिया है, ईश्वर उसे माफ नहीं करेगा।

सुमित वर्मा ने पोस्ट में लिखा कि उनका विश्वास हार गया, धोखेबाजों का जीत गया। जिन नेताओं ने विश्वास दिलाया था कि टिकट तुम्हारा ही होगा, उन्हीं नेताओं ने धोखा दे दिया। भाजपा के प्रदीप शाक्य नाम के कार्यकर्ता ने फेसबुक पर पोस्ट कर एक नगर पंचायत में भाजपा पर दलाल काे टिकट देने का आरोप लगाया है। इस पोस्ट पर एक भाजयुमो नेता ने भी टिप्पणी करते हुए इसे शर्मिंदगी की बात कहा है। रवि कुमार नाम के कार्यकर्ता ने लिखा है, सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास सबका प्रयास, जय दलाल जय ठेकेदार। उन्होंने दूसरी पोस्ट में लिखा कि सीबीगंज मंडल में टिकट फाइनल होने के बाद ठेकेदारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

रहपुरा चौधरी में पर 10 लाख लेने का आरोप
वार्ड 29 रहपुरा चौधरी सीट पर 10 लाख लेकर टिकट तय करने का आरोप लगाते हुए एक कार्यकर्ता ने दूसरे को व्हाट्सएप पर लिखते हुए पीड़ा व्यक्त की है। यह भी कहा कि ऐसे में आरक्षित और अनारक्षित सीट घोषित करना बेमानी है। अब सामान्य वर्ग के दावेदार फिर 15-20 साल अब्दुल की तरह दरी बिछाएं।

सैनिकों को एक भी टिकट नहीं दिया
धनंजय शर्मा राष्ट्रवादी फेसबुक पर लिखते हैं कि भाजपा सैनिकों के सम्मान का झूठा राग अलाप रही है। देश और समाज के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा देने वाले, वार इंजर्ड दिव्यांग सैनिक, निस्वार्थ भाव से पार्टी के लिए काम करने वाले, एक स्वस्थ इंसान से अधिक सक्रिय को नगर निगम के 80 वार्डों में एक टिकट नहीं दिया। हर कोई सैनिक को आसानी से ठग रहा है।

यह भी पढ़ें- सावधान: मदद के चक्कर में न हो जाए आपका अकाउंट खाली, ठगों ने अपनाया ये तरीका...

संबंधित समाचार