सावधान: मदद के चक्कर में न हो जाए आपका अकाउंट खाली, ठगों ने अपनाया ये तरीका...
बरेली, अमृत विचार। सर्च इंजन ‘गूगल’ लोगों के लिए जितना मददगार साबित हो रहा है उतना ही चपत लगाने के लिए जालसाजों का भी मददगार बना रहा है। साइबर ठगों ने गूगल को भी ठगी का जरिया बना रखा है। लोग स्कूल, कॉलेज, डॉक्टर, गैंस एजेंसी समेत अन्य के कस्टमर केयरों का नंबर अक्सर सर्च करने के लिए गूगल की मदद लेते हैं। इससे जानकारी तो मिल जाती है, लेकिन कई बार ठगों के चक्कर में फंसकर लोगों के खाते भी खाली हो जाते हैं। इस तरह की ठगी लगातार सामने आ रही है।
फोन करते ही बैंक खाता खाली
इज्जतनगर निवासी एक युवती ने ऑनलाइन शापिंग के लिए एक वेबसाइट पर विजिट किया। इसी दौरान वह 854 रुपये का सामान खरीदने के लिए आर्डर किया और पेमेंट कर दिया। पेमेंट करने के दौरान उनके खाते से 854 रुपये की रकम दो बार कट गई। रकम वापसी के लिए ऑनलाइन फ्लैश हो रहे टोल फ्री नंबर पर कॉल की।
यह टोल फ्री नंबर साइबर ठगों का था। जिसके बाद वह कुछ समझ पाती इससे पहले ही उनके खाते से ऑनलाइन पेमेंट के जरिए पहली बार में 9998 रुपये उड़ा दिए। फिर अलग-अलग समय में तीनों बार में 19998 रुपये उड़ा दिए। इस तरह से उनके खाते से कुल 69,992 रुपये की रकम निकल गई। जिसके बाद वह पुलिस से शिकायत की।
नटवरलालों ने खाते से उड़ाए 27 हजार रुपये
सर्वोदयनगर करगैना सुभाषनगर निवासी राजेश मिश्रा ने एसएसपी से शिकायत की है कि उनका भारतीय स्टेट बैंक के शाखा करगैना में बचत खाता है। 22 अप्रैल को ठगों ने ऑनलाइन उनके खाते से दो बार में 27 हजार रुपये निकाल लिए। जिसका उनके मोबाइल पर ओटीपी भी नहीं आया। सीधा रुपये कटने के मैसेज उनके मोबाइल फोन पर आया।
इन बातों का रखें ध्यान
- कुछ भी जानकारी प्राप्त करने के लिए हमेशा ऑफिशियल वेबसाइट से ही जानकारी लेने का प्रयास करें।
- किसी भी ऑफिशियल वेबसाइट को गूगल पर ही दो-तीन जगह से क्रॉस चेक करें, इसके बाद ही मदद लें।
- गूगल पर दिए मोबाइल नंबर पर बातचीत के दौरान आपको अहसास हो जाएगा कि दूसरी ओर से बोल रहा व्यक्ति असली है या कोई जालसाझ।
- गूगल से मिले नंबर पर यदि दूसरी ओर से कोई किसी लिंक पर क्लिक करने या पांच या दस रुपये डालने के लिए कहता है तो ऐसा न करें।
- ऐसा करने पर मोबाइल हैक कर खाता खाली हो सकता है। जांच के बाद ही खाते में रकम भेजें।
- गूगल पर सर्च करने के दौरान आप किसी लिंक के चक्कर में फंसकर ठगी का शिकार हो गए हैं तो सबसे पहले मोबाइल का इंटरनेट बंद कर दें। ऐसा करने से आरोपी मोबाइल को रिमोट पर नहीं ले पाएंगे।
- इसके बाद बैंक से संपर्क कर तुरंत खाते को बंद करने के लिए कहें।
- साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर-1930 पर इसकी सूचना दें।
यह भी पढ़ें- Bareilly: लल्ला गद्दी का रिश्तेदार बताकर सूजा और रॉड से किया हमला, जानिए पूरा मामला
