यूपी बोर्ड परीक्षा में मंडल के पहले पायदान पर रामपुर, प्रदेश में मिला चौथा स्थान
रामपुर, अमृत विचार। शिक्षा के क्षेत्र में भी रामपुर को पंख लग रहे हैं, यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में रामपुर मंडल में पहले पायदान पर रहा जबकि, प्रदेश में चौथा स्थान मिला है। हाईस्कूल परीक्षा में 93.58 प्रतिशत रिजल्ट रहा जबकि, मंडल का जनपद बिजनौर 87.37 प्रतिशत पाकर फिसड्डी रहा। बेटियों ने भी जिले में परचम लहराया है, 12119 परीक्षार्थियों में 11770 बेटियां पास हो गई हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने प्रदेश भर में रामपुर का नाम रोशन किया है। इसके लिए सभी गदगद हैं बेटियों ने भी जिले में परचम लहराया है उन्होंने छात्रों को पीछे धकेलते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है। बेटियों को बहुत खुशी है और वह फूले नहीं समा रही हैं। यूं तो रामपुर का रिजल्ट शानदार रहा है और शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारी और शिक्षक अपने बच्चों के पास होने पर बहुत खुश हैं। इंटरमीडिएट में रामपुर का रिजल्ट 79.25 प्रतिशत रहा। यूपी बोर्ड का रिजल्ट मंगलवार को साइट पर देखने के बाद से ही एक दूसरे को फोन करके और मैसेज भेजकर बधाइयों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। स्कूलों में खुशी का माहौल रहा टॉपर बच्चों ने अपने माता-पिता और गुरुजनों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। माता-पिता और गुरुजनों ने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हाईस्कूल में छात्राएं 11770 और छात्र हुए 10948 पास
यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में 12847 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था और 12119 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं जिसमें 11770 छात्राएं पास हुई हैं। जबकि 13584 छात्रों ने पंजीकरण कराया था जिसमें 12158 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 10948 छात्र पास हो गए हैं। जिले में 26431 ने पंजीकरण कराया था जिसमें 24277 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिसमें 22718 छात्र पास हो गए।
इंटरमीडिएट में 8573 छात्राएं और 7709 छात्र हुए उत्तीर्ण
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 12350 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। जिसमें 10800 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए और 7709 उत्तीर्ण हो गए। जबकि 10389 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था जिसमें 9746 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं और 8573 उत्तीर्ण हो गई। इंटरमीडिएट में कुल 22739 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। जिसमें 20546 परीक्षा में शामिल हुए और 16282 उत्तीर्ण हुए हैं।
रामपुर को प्रदेश में चौथा स्थान मिलना शुभ संकेत: आकाश
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में रामपुर जनपद द्वारा प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त करने को शुभ संकेत बताया है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा है कि हाईस्कूल के बच्चों ने रामपुर को शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छी पहचान दी है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। शानदार परिणाम देखकर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने खुशी का इजहार किया है। उन्होंने कहा है कि रामपुर की छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है। कहा कि रामपुर प्रतिभाशाली बच्चों की वजह से प्रदेश में चमक रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रामपुर की शैक्षणिक व्यवस्था को अच्छा करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
मंडल के जिलों में हाईस्कूल का परिणाम प्रतिशत
जिला- प्रतिशत- स्थान
रामपुर- 93.58- प्रथम
मुरादाबाद- 91.96- द्वितीय
संभल- 91.94- तृतीय
अमरोहा- 91.95- चतुर्थ
बिजनौर- 87.37- पंचम
मंडल के जिलों में इंटरमीडिएट का परिणाम प्रतिशत
जिला- प्रतिशत- स्थान
अमरोहा- 86.50- प्रथम
बिजनौर- 82.23- द्वितीय
मुरादाबाद- 81.62- तृतीय
संभल- 80.18- चतुर्थ
रामपुर- 79.25- पंचम
ये भी पढे़ं- रामपुर: जयाप्रदा के आचार सहिंता उल्लंघन मामले में कोर्ट नहीं पहुंचा गवाह, सुनवाई टली
