बरेली: भाजपा प्रत्याशी का पर्चा पहले खारिज फिर बहाल, भड़के सपाई
वार्ड- 40 के विनोद ने शपथपत्र में नहीं दिया आपराधिक विवरण, निर्दलीय प्रत्याशी ने की थी आपत्ति
बरेली, अमृत विचार। आपराधिक विवरण छिपाकर नामांकन पत्र दाखिल करने पर मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान वार्ड- 40 के भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार का रिटर्निंग अफसर ने नामांकन पत्र खारिज कर दिया, लेकिन कुछ ही देर विनोद के दूसरे शपथ पत्र पर उसे बहाल कर दिया गया। इस पर सपाई भड़क गए, उन्होंने बरेली कॉलेज स्थित नामांकन स्थल पर जमकर हंगामा किया। एडीएम समेत भारी पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद सपाइयों को समझाया गया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
भाजपा प्रत्याशी विनोद ने 24 अप्रैल को नामांकन पत्रदाखिल किया था। मंगलवार को फार्म की जांच के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार ने उनके नामांकन पत्र पर आपत्ति करते हुए कहा कि विनोद पर थाना प्रेमनगर में 10 फरवरी 2021 को गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था, लेकिन नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए शपथ पत्र में विनोद ने इसका विवरण नहीं दिया है। इस आधार पर रिटर्निंग अफसर ने विनोद के पर्चे को खारिज कर दिया। कुछ ही देर बाद विनोद ने दूसरा शपथ पत्र दाखिल कर दिया जिसमें उनके आपराधिक विवरण की भी जानकारी थी।
इसके बाद रिटर्निंग अफसर ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद निर्णय सुनाया कि मानवीय भूल से विनोद ने अपराध का विवरण नहीं दर्ज कराया था। गलत शपथ पत्र पर पर्चा निरस्त करना न्यायसंगत नहीं है। आपत्ति को अस्वीकार कर उम्मीदवार के खिलाफ बाद में उचित कार्रवाई करने की बात कहते हुए पर्चे को बहाल कर दिया गया।
रिटर्निंग अफसर के इस फैसले से नाराज सपाइयों ने बरेली कॉलेज में नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय ने सीओ और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर गुस्साए सपाइयों को शांत किया। एडीएम सिटी ने बताया कि पूरी जानकारी आरओ ही दे सकेंगे। इस मामले में उनका कुछ बोलना ठीक नहीं है। वह तो सिर्फ शांति व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- बरेली: कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाया आरोप, बोले- चुनाव न लड़ने की धमकी दी जा रही है मुझे
