Lucknow Kanpur Highway पर Unnao में पंचर डंपर में ट्रक टकराने से दो की मौत, भीषण जाम से जूझे राहगीर
उन्नाव में हादसे में दो की मौत।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर उन्नाव में पंचर डंपर में ट्रक टकरा गया। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भीषण जाम लग गया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाइवे पर नवाबगंज ब्लाक आफिस के सामने पंचर खड़े डंपर में पीछे से ट्रक जा घुसा। इसमें चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि साथ रहे मोटर मालिक ने जिला अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। हादसे के चलते हाइवे पर करीब दो घंटे जाम लगा रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।
लखनऊ-कानपुर हाइवे पर बुधवार सुबह अजगैन कोतवाली अंतर्गत नवाबगंज ब्लाक कार्यालय के पास मौरंग लदा डंपर पंचर हो गया था। चालक पंचर टायर बदलने लगा। तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार भूसी लदा ट्रक उसमें जा टकराया। घटना में ट्रक कानपुर देहात के थाना मूसानगर के सुल्तानपुर गांव निवासी चालक प्रवीण (22) की मौत हो गई।
.jpg)
साथ रहा ट्रक मालिक झांसी जिले के थाना रक्सा के गांव तोड़की मड़ईया निवासी अर्जुन यादव (35) गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची हाइवे रेस्क्यू टीम ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक व मालिक को हाइड्रा से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। डाक्टर ने ट्रक चालक प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
जबकि ट्रक मालिक को गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के करीब 20 मिनट बाद पुलिस सीएचसी पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रवीण दो भाईयों में छोटा और अविवाहित था। बेटे की मौत से मां कुंती देवी व पिता बलबीर यादव बेहाल हैं। ट्रक मालिक अर्जुन के पिता रामसेवक की मौत हो चुकी है। बेटे की मौत से मां संतरा व पत्नी मनीषा बेहाल हैं। उसके तीन बेटे हैं। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि अजगैन कोतवाल ने सुबह घटना की जानकारी दी थी।
हादसे के चलते हाइवे पर लगा भीषण जाम
भीषण हादसे के बाद भी पुलिस के समय से न पहुंचने के चलते हाइवे पर भीषण जाम लग गया। नवाबगंज कस्बे से पक्षी विहार तक दो किमी लंबा जाम लगने से उसमें एंबुलेंस व वीआईपी वाहनों को दूसरी लेन से निकाला गया।
