बरेली: ट्रैफिक पुलिस पर अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल
बरेली,अमृत विचार। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस पर बदसलूकी करने व रुपये छीनने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक के मुताबिक उसके बाइक के सभी दस्तावेज थे, उसके बाद भी पांच हजार रुपये का चालान कर दिया गया। इस पर युवक ने ट्वीटर के जरिए डीजीपी समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। सोशल मीडिया पर …
बरेली,अमृत विचार। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस पर बदसलूकी करने व रुपये छीनने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक के मुताबिक उसके बाइक के सभी दस्तावेज थे, उसके बाद भी पांच हजार रुपये का चालान कर दिया गया। इस पर युवक ने ट्वीटर के जरिए डीजीपी समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। सोशल मीडिया पर दरोगा का वीडियो वायरल हो रहा है।
बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां निवासी राहुल सेटअप बॉक्स लगाने का कार्य करते हैं। उनके मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह प्रेमनगर स्थित एक निजी अस्पताल से घर लौट रहे थे। इस दौरान उसे सूद धर्मकांटा पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग के दौरान रोका गया। कुछ अन्य लोग भी वहां खड़े थे।
आरोप है कि बाइक रोकने के बाद दरोगा जयप्रकाश ने उनसे डीएल मांगा। इसे दिखाने के बाद बाइक के कागज मांगे। वह भी दिखा दिए गए। इसी दौरान बिना मास्क लगाए चालान काटते देख दरोगा से मास्क लगाने की बात कही, जो उसे नागवार गुजरी। गुस्साए दरोगा ने अभद्रता करना शुरू की तो राहुल ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और मामला शांत कर दिया गया।
राहुल के मुताबिक, जब वह घर पहुंचा तो उसके मोबाइल पर पांच हजार रुपये चालान कटने का मैसेज था। इसके अलावा डीएल में रखे साढ़े तीन हजार रुपये भी गायब थे। परेशान राहुल ने मुख्यमंत्री समेत आला अफसरों को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। दरोगा का वायरल वीडियो करीब पांच मिनट का है। इसमें दरोगा मास्क नहीं लगाने पर युवक के वीडियो बनाने पर आपत्ति करता दिखाई दिया। पीड़ित के मुताबिक उसे दरोगा से मास्क नहीं लगाने की बात कहना महंगा पड़ गया। पांच हजार का चालान कर उसके साढ़े तीन हजार रुपये निकाल लिए गए। उसने सोमवार को एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
“चेकिंग के दौरान युवक को रोका गया तो वह तेज आवाज में बात करने लगा। पांच हजार का चालान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं होने की वजह से काटा गया है। मास्क नहीं लगाने की बात गलत है। वायरल वीडियो भी मेरे संज्ञान में है। जांच में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।” -जयप्रकाश, ट्रैफिक दरोगा
