मुरादाबाद : जेल में कैद पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के तीन शस्त्र लाइसेंस निरस्त, आठ बैंक खाते भी हुए सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मूंढापांडे के पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक फिलहाल रामपुर जेल में बंद हैं

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में दो सनसनीखेज हत्याओं के अलावा हत्या के प्रयास व दुष्कर्म के आरोप में जेल में कैद मूंढापांडे के पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के तीन शस्त्र लाइसेंस जिलाधिकारी ने निरस्त कर दिए। पत्नी व उसके आठ बैंक खातों को भी सीज किया गया है। 

मूंढापांडे के पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक फिलहाल रामपुर जेल में बंद हैं। इस पर कुशांक गुप्ता व सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड की साजिश रचने का आरोप है। मार्च के अंतिम सप्ताह में दोनों ही घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एसएसपी हेमराज मीना ने पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक को मुख्य साजिशकर्ता बताया। वारदात में ललित कौशिक के साले के भांजे केशव शरन शर्मा, भीम उर्फ खुशवंत सिंह, विकास शर्मा उर्फ गुग्गू भी शामिल रहे।

चारों हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के तत्काल बाद पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख व शूटर केशव की हिस्ट्रीशीट भी खोली। इसके बाद 26 मार्च को पूर्व ब्लाक प्रमुख और उनकी पत्नी के नाम से जारी एक पिस्टल व दो राइफल सिविल लाइंस थाने में जमा करा लिए गए। सिविल लाइंस पुलिस ने रिपेार्ट डीएम कार्यालय को प्रेषित की। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बुधवार को तीनों शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। ललित कौशिक व उसकी बीवी के आठ बैंक खाते पुलिस सीज करा चुकी है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि पुलिस उन मुकदमों की पैरवी में भी जुटी है, जिसमें ललित कौशिक व उसके शागिर्दों को जमानत मिली है। पुलिस जमानत खारिज कराने की कोशिश कर रही है। 

पीड़ित महिला ने कोर्ट में दर्ज कराए बयान
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र की एक महिला ने नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप पूर्व ब्लाक प्रमुख पर लगाया था। पीड़िता ने कोर्ट में बयान दर्ज करा कर दुष्कर्म होने का दावा किया। ऐसे में मझोला पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख के खिलाफ दुष्कर्म की धारा तरमीम की। एसटी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में बुधवार को कोर्ट ने ललित कौशिक को तलब किया था। पूर्व ब्लाक प्रमुख को रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में सौंप दिया। ललित कौशिक को दोबारा रामपुर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर कर रहे हैं। सीओ ने बताया कि पीड़िता की मां का बयान भी कोर्ट में दर्ज हो चुका है। 

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: प्रेमी की शादी रुकवाने थाने पहुंची प्रेमिका, दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

 

संबंधित समाचार