शाहजहांपुर: मेयर-पार्षद समेत सभी पदों के लिए 203 प्रत्याशियों ने पर्चा लिया वापस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत बृहस्पतिवार को मेयर, पार्षद, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्य पदों पर कुछ बागियों समेत 203 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। नाम वापसी का समय बीतने के बाद अब यह साफ हो गया है कि किस पद पर कितने प्रत्याशियों के बीच भिड़ंत होगी। महापौर (मेयर) पद पर आठ प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं तो तीन नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष पद पर 34 प्रत्याशी, आठ नगर पंचायतों में 116 अध्यक्ष प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं नगर निगम के 60 वार्डों में 408 पार्षद प्रत्याशी, जबकि पालिकाओं में 381 व नगर पंचायतों में 769 उम्मीदवार मैदान में हैं। कहीं कोई निर्विरोध निर्वाचित नहीं हो सका।

नामांकन प्रक्रिया के तहत बृहस्पतिवार को नाम वापसी का दिन तय था। सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे तक बड़ी संख्या में लोग नाम वापस लेने पहुंचे। मेयर पद पर निर्दलीय प्रत्याशी प्रीती राठौर ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। वहीं पार्षद पद के लिए 32 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। 408 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। नगर पालिका परिषद, पुवायां में अध्यक्ष पद के लिए कुल 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिसमें से 3 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। इनमें कांग्रेस से टिकट न मिलने पर नाराज कुलदीप गुप्ता, भाजपा से बागी हुए विकास गुप्ता और निर्दलीय सर्वेश पांडे ने नामांकन पत्र वापस ले लिए। अब कुल 11 प्रत्याशी बचे हैं । इनमें भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता, कांग्रेस प्रत्याशी कमल कांत शुक्ला, बीएसपी प्रत्याशी विजय प्रताप और निर्दलीय प्रत्याशियों में अमित, गोपाल, गौरव मिश्रा, गंगाराम मिश्रा, नीति गुप्ता, पवन कुमार, ममता, विकास चुनावी मैदान में है। नगर निगम में एक ही ईवीएम लगानी पड़ेगी। बता दें कि बैलेट यूनिट में नोटा समेत 16 बटन होते हैं।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: कटरा नगर पंचायत से सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज

 

संबंधित समाचार