काबुल हवाई अड्डा हमला : आईएसआईएल-के दो सदस्यों को UN ने किया प्रतिबंधित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संयुक्त राष्ट्र। आईएसआईएल-के एक प्रवक्ता सहित दो सदस्यों को अगस्त 2021 में काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुए घातक आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी लेने के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र ने काली सूची में डाल दिया है। अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की वापसी के दौरान किए गए इस हमले में 13 अमेरिकी सैनिक और करीब 170 अफगान नागरिक मारे गए थे। 

‘इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड द लेवांत-खुरासान’ (आईएसआईएल-के) के प्रवक्ता सुल्तान अजीज आजम और एक अन्य सदस्य मौलवी रजब पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की 1267 आईएसआईएल (दाएश) और अल-कायदा प्रतिबंध समिति ने बुधवार को पाबंदी लगाई। अफगानिस्तान के इन दोनों नागरिकों को जिस प्रतिबंध सूची में शामिल किया गया है, उसके तहत इनकी संपत्ति जब्त की जाएगी और इन पर यात्रा प्रतिबंध भी लागू होंगे। 

प्रतिबंध समिति के अनुसार, 26 अगस्त 2021 को आजम ने काबुल में हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास आत्मघाती हमले के लिए आईएसआईएल-के की ओर से जिम्मेदारी ली थी, जिसमें कम से कम 170 अफगान और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे, जबकि 150 से अधिक लोग घायल हुए थे। 

समिति के मुताबिक, आईएसआईएल-के के प्रवक्ता के रूप में सुल्तान अजीज आजम ने संगठन की हिंसक जिहादी विचारधारा को फैलाने, आतंकवादी कृत्यों का महिमामंडन करने और उसे न्यायोचित ठहराने में ‘‘महत्वपूर्ण भूमिका’’ निभाई। प्रतिबंध समिति ने कहा कि रजाब (46) को आईएसआईएल-के या अल-कायदा से जुड़े होने और आतंकवादी गतिविधियों की साजिश रचने, उन्हें अंजाम देने में मदद करने तथा वित्त जुटाने के लिए प्रतिबंधित किया गया है। 

ये भी पढ़ें- भारत के साथ संबंध ऐतिहासिक हैं, सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं: सोमालिया के स्वास्थ्य मंत्री 

संबंधित समाचार