अयोध्या : भरतकुंड भदरसा में सिर्फ एक ही बार बाजी मार पाई है भाजपा

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, अयोध्या । भदरसा से अब भरतकुंड भदरसा हुई नगर पंचायत में इस बार अध्यक्ष पद पर लड़ाई बड़ी रोचक दिखाई दे रही है। हालांकि यहां से भाजपा और बसपा केवल एक बार जीती लेकिन इस बार दोनों ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। फिलहाल नगर पंचायत के मतदाता अभी सबके पर नाप-तौल रहे हैं। नए परिसीमन के बाद गठित नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा में नए समीकरण पर चुनाव होने जा रहा है। भाजपा के लिए जहां जीत दर्ज करना चुनौती है वहीं सपा को सीट बचाने के लिए भी कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।

नए परिसीमन के बाद नगर पंचायत में अब नंदीग्राम, कल्याण भदरसा, पिपरी, भदरसा बाहर, नैपुरा, दोस्तपुर, मिर्जापुर निमोली, कैल केशवपुर, पिपरा ताल, विनायकपुर को सम्मिलित किया गया है। अब 29035 मतदाता है और 18 वार्ड बने हैं। पहले भदरसा नगर पंचायत भदरसा के नाम से थी। जिसमें कुल मतदाता 9640 और 11 वार्ड थे। अब चुनाव में भी नए नए समीकरण बन रहे हैं। इस बार समाजवादी पार्टी ने निवर्तमान चेयरमैन रेहाना बेगम के पुत्र व पूर्व चेयरमैन मोहम्मद राशिद को प्रत्याशी बनाया है। भारतीय जनता पार्टी ने रामसेवक दास और बहुजन समाज पार्टी ने अब्दुल वफा राजा को मैदान में उतारा गया। वहीं कांग्रेस ने प्रकाश निषाद को प्रत्याशी बनाया है। एआईआईएम पार्टी से दानिश अंसारी मैदान में हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा 18 वार्डों में 90 प्रत्याशी सभासद पद के लिए अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिसमें सपा और भाजपा ने सभी 18 वार्डों में अपने - अपने प्रत्याशी उतारे हैं। जबकि बसपा 17 और कांग्रेस के 14 वार्डों में ही प्रत्याशी उतार पाई है। 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की नगर पंचायत अध्यक्ष रेहाना बेगम समेत सभी 11 सभासद विजई हुए थे। बीते कई चुनाव से भी नगर पंचायत की सीट पर एक ही परिवार का कब्जा रहता रहा है। लेकिन अब 10 नए गांव जुड़ने के बाद सपा को सीट बचाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।

1989 में ही जीत पाई थी भाजपा

नगर पंचायत के चुनावी इतिहास में 1972 से लेकर अब तक केवल एक बार 1989 में ही भाजपा के सुरेंद्र गुप्ता नगर पंचायत के अध्यक्ष चुने गए थे। वा 2002 में हुए चुनाव में बसपा समर्थित रामबोध सोनी चुनाव में विजयी हुए थे। 

नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा
पिछड़ा वर्ग
कुल वार्ड-18
कुल मतदान केंद्र-15
कुल मतदाता स्थल-35
कुल मतदाता-29035
पुरुष मतदाता-14810
महिला मतदाता-14225

ये भी पढ़ें - लखनऊ : मंत्री सुरेश खन्ना ने ट्वीट कर राम मंदिर की तारीख का किया ऐलान

संबंधित समाचार