Chitrakoot Suicide : जीवन से ऊबकर… सिंचाई विभाग के कर्मचारी की पत्नी ने लगाई फांसी, एक साल पहले हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में सिंचाई विभाग के कर्मचारी की पत्नी ने फांसी लगाकर जान दी।

चित्रकूट में सिंचाई विभाग के कर्मचारी की पत्नी ने फांसी लगाकर जान दी। सुसाइड नोट में जीवन से ऊबकर आत्महत्या करने की बात लिखी। एक साल पहले ही शादी हुई थी।

चित्रकूट, अमृत विचार। संदिग्ध हालात में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर लीला समाप्त कर ली। घटना के समय पति अपने घर ललितपुर गया था। जब पत्नी ने उसका फोन नहीं उठाया तो मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मूलरूप से ललितपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह कर्वी में सिंचाई विभाग में टेक्नीशियन हैं। वह बल्दाऊगंज में रमाकांत चतुर्वेदी के मकान में किराये से रहते हैं। दो महीने पहले ही वह अपनी पत्नी आकृति (25) को भी यहां ले आए थे। जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र दो दिन पहले ललितपुर गए थे और घर में आकृति अकेली थी। आकृति ने गुरुवार की रात किसी समय कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

उधर, धर्मेंद्र ने जब पत्नी को कई बार फोन लगाया तो रिसीव न होने पर शंका हुई। उन्होंने अपने मकानमालिक को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने भी आकृति के मोबाइल पर रिंग की। इसका भी प्रत्युत्तर न मिलने पर वह छत पर धर्मेंद्र के कमरे पहुंचे और रोशनदान से झांककर देखा तो सन्न रह गए। आकृति का शरीर पंखे के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका था। उन्होंने तुरंत धर्मेंद्र के साथ पुलिस को इसकी जानकारी दी।

नायब तहसीलदार रामानंद मिश्रा, सीओ हर्ष पांडेय, कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।       

सुसाइड नोट में लिखा, जिंदगी से ऊबी

कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने जीवन से ऊबकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। बताया कि इस संबंध में फिलहाल किसी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। 

एक साल पहले ही हुई थी शादी

धर्मेंद्र की एक साल पहले ही आकृति से शादी हुई थी। आकृति का मायका भी ललितपुर में ही है। धर्मेंद्र शादी से पहले से रमाकांत के मकान में किराये से रह रहे हैं।

संबंधित समाचार