Auraiya Fire: शार्ट सर्किट से फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग, दुकानदार बोला- लाखों रुपये का हुआ नुकसान
औरैया में फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग।
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में शार्ट सर्किट से फर्नीचर दुकान में भीषण आग लग गई। फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।
औरैया, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के संजय गेट के समीप एक फर्नीचर की दुकान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग की लपटे उठती देख दुकानदारों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गई थी।
शहर के मोहल्ला मदार दरवाजा निवासी अरुण कुमार पुत्र ओमप्रकाश पोरवाल की संजय गेट के समीप तिलक इंटर कॉलेज के सामने रॉयल फर्नीचर के नाम से दुकान है। रोज की भांति अरुण कुमार अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। शुक्रवार की सुबह करीब छह राहगीरों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलता हुआ देखा तो इसकी जानकारी दुकान मालिक को दी।
वहीं, उसी दौरान यातायात निरीक्षक देवेंद्र शर्मा भी अपनी टीम के साथ निकल रहे थे तो उन्होंने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पाकर दुकान संचालक मौके पर पहुंचे और उसने शटर जैसे ही खोला तो धुएं का गुवार दुकान के अंदर से निकलने लगा। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां एवं कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आनन-फानन में आग पर काबू पाए जाने का प्रयास करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारू निगम अधीनस्थों के साथ पहुंच गई और उन्होंने जांच पड़ताल की। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया हो सकता है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो। फिलहाल नुकसान के अनुमान की अभी तक कोई भी जानकारी नहीं हो सकी है। आग लगने की सूचना पाकर भाजपा प्रत्याशी राजकुमार दुबे एवं समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अनूप गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने व्यापारी को ढाढ़स बंधाया।
