Kannauj Accident : कार की टक्कर से छात्र की मौत, तड़पता देख चालक हो गया फरार, शिक्षकों की आंखें हुई नम
कन्नौज में कार की टक्कर से छात्र की मौत।
कन्नौज में जलालपुर पनवारा के सर्विस रोड पर कार की टक्कर से छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कन्नौज, अमृत विचार। जलालपुर पनवारा में सर्विस रोड पर कार की टक्कर से कक्षा दो के छात्र की मौत हो गई। वह स्कूल से घर जा रहा था। जानकारी पर लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सारोतोप निवासी मुफीद अली का 8 वर्षीय पुत्र जैद अली प्राथमिक स्कूल जलालपुर पनवारा में कक्षा दो का छात्र था। शुक्रवार को वह स्कूल आया था। दोपहर बाद एक बजे छुट्टी होने पर पैदल घर जा रहा था। हाइवे बाईपास के सर्विस रोड से होते हुए वह गांव के लिए निकला। हाइवे पुलिया के निकट गुरसहायगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने जैद अली को टक्कर मारदी।
इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। कुछ देर बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। निकट में मौजूद लोग घटना स्थल की ओर भागे तब तक चालक कार लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही सारोतोप गांव से सैकड़ों की तादात में महिलाए पुरुष मौके पर पहुंच गए। अधिक भीड़ लग जाने से यातायात प्रभावित हो गया। उधर सूचना पर जलालपुर पनवारा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी कोतवाली राजकुमार सिंह ने परिजनों को समझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मृतक बच्चे की पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
छात्र की मौत पर शिक्षकों की नम हुई आंखें
मृतकर जैदअली जलालपुर पनवारा के प्राथमिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। स्कूल बंद होने के बाद दुर्घटना में मौत हो जाने की जानकारी पर स्कूल के प्रधानाध्यापक मोहित दुबे व क्लास शिक्षामित्र सत्यपाल सिंह व अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे। बच्चे की मौत पर नम आंखों से दु:ख जताया। शिक्षामित्र का कहना था कि वह उनकी क्लास का छात्र था। पढ़ाई में अच्छा था। प्रश्न पूछने पर तत्काल उत्तर देता था। उसे देश व प्रदेश के वारे में अच्छी जानकारी थी।
तड़पते बच्चे को देख कर चला गया कार चालक
जलालपुर पनवारा में कार की टक्कर से जैदअली की मौत के मामले में लोगों ने बताया कि कार चालक गंभीर रुप से घायल अवस्था में सड़क किनारे तड़प रहे बच्चे को देखने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराने की वजाय घटना स्थल पर ही छोड़ कर कार लेकर भाग गया। वीडियो फुटेज में कार चालक बच्चे के पास खड़ा दिखाई दे रहा है पर कुछ देर बाद वह बच्चे को अकेला छोड़ कर भाग गया। परिजनों का कहना था कि कार चालक यदि बच्चे को अस्पताल में भर्ती करा देता तो शायद उसकी की जान बच जाती।
