बदायूं: सपा ने नाजमी को घोषित किया सपा का अधिकृत प्रत्याशी
बदायूं, अमृत विचार। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने डॉ. शकील अहमद की भाभी व नगर पालिका बदायूं से चेयरमैन पद की प्रत्याशी नाजमी को समर्थन देने का ऐलान किया है। गुरुवार रात सपा नेता डॉ. शकील के आवास पर हुई बैठक में सपा जिलाध्यक्ष ने विकास और बदलाव के लिए शहरवासियों से एकजुट होकर मतदान करने का आहवान किया।
चेयरमैन पद की प्रत्याशी नाजमी के कबूलपुरा स्थित आवास पर हुई बैठक में जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य व अन्य पदों पर रहकर डॉ. शकील अहमद व पूर्व सभासद वसीम अहमद का पूरा परिवार हमेशा से जनता की सेवा में तत्पर रहा है। समाज के प्रति सेवाभाव को देखते हुए इनके परिवार की सदस्य नाजमी को सपा अपना समर्थन देती है।
सपा जिला महासचिव सुरेश पाल सिंह चैहान ने कहा कि शहर में व्याप्त समस्याओं को देखते हुए परिवर्तन की जरूरत है। निकाय चुनाव में एकमात्र नाजमी ही ऐसी प्रत्याशी हैं, जो शहर के विकास के साथ समस्याओं का समाधान कराने में सक्षम हैं। जिला उपाध्यक्ष सलीम अहमद ने कहा कि शहर को गंदगी व अन्य समस्याओं के मकड़जाल से निकालना होगा। इसके लिए बिरादरीवाद, गिले-शिकवे भुलाकर नाजमी के पक्ष में एकजुट होना पड़ेगा। डॉ. शकील अहमद और पूर्व सभासद वसीम अहमद ने वायदा किया कि शहर की जनता के लिए हमेशा उनके दरवाजे खुले हैं। वह हमेशा की तरह सपरिवार जनता के साथ खड़े रहेंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: मेडिकल बोर्ड का पता नहीं, बीमार कर्मियों की नहीं कट पा रही चुनाव से ड्यूटी
