बहराइच: एचटी लाइन की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत, झुलसा युवक
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के पैरुआ गांव में लकड़ी का पोल टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से एक भैंस समेत दो मवेशी की जिंदा झुलसकर मौत हो गई। लकड़ी से तार हटाते समय युवक भी झुलसा गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पैरूआ गांव में गांव और खेत के बीच से होकर एचटी लाइन गुजरी है।
एचटी लाइन को लकड़ी के खंभे से सप्लाई दी गई है। शुक्रवार शाम को बिजली सप्लाई के दौरान एचटी लाइन का लकड़ी का पोल टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर एक भैंस और एक भैंसी की मौत हो गई। जबकि तार हटाते समय मवेशी मालिक दीपू (18) पुत्र माधव झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर बिजली सप्लाई बाधित की गई। वहीं बिजली का तार टूट कर गिरा पड़ा है। इस मामले में अधिशाषी अभियंता कृष्ण कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है। बिजली कर्मियों को मौके पर भेज कर जांच कराया गया है। मृत मवेशियों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मुआवजा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: बाजार से लौट रही महिला की चाकु से गोदकर हत्या, छानबीन में जुटी डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम
