Unnao News : सांसद साक्षी महाराज व पूर्व सांसद अन्नू टंडन कोरोना संक्रमित, ट्विटर हैंडल पर दी जानकारी
उन्नाव सांसद साक्षी महाराज व पूर्व सांसद अन्नू टंडन निकले कोरोना संक्रमित।
उन्नाव सांसद साक्षी महाराज व पूर्व सांसद अन्नू टंडन कोरोना संक्रमित निकले। दोनों नेताओं ने ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी। सांसद साक्षी महाराज सीएम व डिप्टी सीएम के साथ बीते दिनों मंच साझा कर चुके हैं। पूर्व सांसद अन्नू टंडन भी सपा प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन में मंच पर मौजूद रही थीं।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिसे लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। रोजाना कोविड जांच में मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार को जिले के भाजपा सांसद साक्षी महाराज व पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट कर उनके कोरोना पाजिटिव होने की पुष्टि की है। दोनों ने बीते दिनों संपर्क में आने वालों से जांच कराने की अपील की है। दोनों होमआइसोलेट हैं।
जिले की पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने अपने ट्विटर पर पोस्ट कर बताया कि दिनों से उन्हें बुखार आ रहा था। उन्होंने कोविड की आशंका होने से जांच कराई। जिसकी रिपोर्ट में उनमें कोरोना पाजिटिव होने की पुष्टि हुई। उन्होंने संपर्क में रहने वाले लोगों से जांच कराने की अपील भी की है। वहीं सांसद साक्षी महाराज ने भी बुखार के चलते जांच कराई तो उनकी भी रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
इसके बाद उन्होंने भी ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बीते कुछ दिनों से बुखार आने वे अस्वस्थ महसूर कर रहे थे। जिसके बाद जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट कोविड पाजिटिव आई है। डाक्टर की परामर्श व कोविड प्रोटोकाल के अनुसार उन्हें होम आईसोलेट रहना होगा। बताया कि इसके चलते उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रम निरस्त रहेंगे।
बीते दिनों कई कार्यक्रमों में मौजूद थे दोनों नेता
सांसद व पूर्व सांसद बीते दिनों कई कार्यक्रमों में शिरकत कर चुके हैं। जहां सैकड़ों की भीड़ थी। बीते दिनों सीएम योगी रामलीला मैदान में चुनावी सभा करने आए थे। उनके साथ सांसद साक्षी महाराज भी मंच पर थे। इसके अलावा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ भी उन्होंने मंच साझा किया था। वहीं पूर्व सांसद अन्नू टंडन भी बीते दिनों नगर पालिका उन्नाव की सपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन में जिलाध्यक्ष सहित कई बड़े नेताओं के साथ मंच पर थीं।
