Farrukhabad: हिस्ट्रीशीटर का खेत में मिला अर्धनग्न शव, जिले के थानों में 26 मुकदमे दर्ज, परिजन बोले- हत्या की गई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में हिस्ट्रीशीटर का खेत में मिला अर्धनग्न शव।

फर्रुखाबाद में हिस्ट्रीशीटर का खेत में अर्धनग्न शव मिला। मृतक हिस्ट्रीशीटर पर जिले के विभिन्न थानों में 26 मुकदमे दर्ज है। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंच की जांच पड़ताल।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शमसाबाद थानाक्षेत्र में दावत खाने गए हिस्ट्रीशीटर का शव शनिवार को खेत में पड़ा हुआ ग्रामीण ने देखा। उसने हिस्ट्रीशीटर के परिजनों को जानकारी दी। पत्नी व बच्चे खेत पर पहुंचे और शव देखकर रोने बिलखने लगे। शव के पास जहर का पाउच पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ 26 मुकदमे चल रहे थे। एक मुकदमे में कोर्ट से कुर्की नोटिस और वारंट जारी था। पत्नी ने  पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बबुरारा निवासी 45 वर्षीय रामजीत बाथम वर्तमान में शहर में रह कर मजदूरी कर रहा था। पत्नी और बच्चे गांव में रहते है। शुक्रवार को परिवार के एक युवक का तिलक था। जिसमें वह दावत खाने गया था। रात में वह घर लौट कर नहीं आया। शनिवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। श्रीनिवास तिवारी के खेत में रामजीत बाथम का अर्धनग्न अवस्था में शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा।

इसकी जानकारी प्रधान के पति उमेश चंद्र यादव को दी। प्रधान के पति ने पुलिस और रामजीत की पत्नी राधा को दी। घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी राधादेवी बच्चों के साथ खेत  पर पहुंची। पति का शव देखकर वह रोने बिलखने लगी। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों से जानकारी की। पुलिस को घटना स्थल से एक बैग, जूते, पानी की बोतल, मोबाइल फोन का चार्जर, जहरीले पदार्थ का पाउच पड़ा मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी राधादेवी  ने बताया कि परिवार के एक युवक की तिलक की शुक्रवार को गांव में दावत थी। जिसमें पति को परिवार के लोग शाम  चार बजे बुला ले गए थे। परिवार के लोगों ने रंजिश में जहर खिलाकर पति की हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। भाई रामबक्स ने बताया कि वह चार भाई है। जिसमें एक रामजीत की मौत हो गई है और उसकी चार बहनें भी है। पत्नी राधादेवी ने बताया  कि उसके तीन पुत्र और एक पुत्री है। थानाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि भाई रामबक्स की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रामजीत के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में करीब 26 मुकदमा दर्ज है। इसमें नवाबगंज में 17, मोहम्मदाबाद में दो, राजेपुर में चार और शमसाबाद में तीन है। वह हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ एक मुकदमे में कुकी नोटिस और गिरफ्तारी वारंट चल रहा था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

शव मिलने से खेत में लगी भीड़

गांव बबुरारा में श्रीनिवास तिवारी के खेत में शनिवार सुबह अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इससे घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया और जांच पड़ताल की। 

फोरेंसिंक टीम ने लिए नमूने

गांव बबुरारा में श्रीनिवास के खेत में शव मिलने की जानकारी पर फोंरेसिक टीम घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य के लिए वहां से नमूना लिया। घटना स्थल से जो सामान बरामद हुआ। उसको सील मुहर कर दिया गया।

संबंधित समाचार