बरेली: तीन सौ बेड को भी लगा जिला अस्पताल का मर्ज, डॉक्टर नदारद
एक घंटे बाद भी ओपीडी में नहीं पहुंचे डॉक्टर तो मरीजों ने किया हंगामा
बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल को भी जिला अस्पताल जैसा डॉक्टरों के समय से ओपीडी में न पहुंचने और घंटों नदारद रहने का मर्ज लग गया है। शनिवार को सुबह नौ बजे तक ओपीडी में डॉक्टरों के न पहुंचने पर लाइन में लगे मरीजों का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने इस बारे में सीएमएस से शिकायत करने के बाद जमकर हंगामा किया।
ओपीडी शुरू होने का समय सुबह आठ बजे हैं लेकिन तीन सौ बेड अस्पताल में शनिवार को नौ बजे के बाद तक कई डॉक्टर नदारद थे। इस समय तक ओपीडी में तमाम मरीज पहुंच चुके थे और कतार में लगकर डॉक्टर के आने का इंतजार कर रहे थे। एक घंटे बाद भी डॉक्टर नहीं आए तो उनका सब्र जवाब दे गया। तमाम मरीज सीएमएस कार्यालय पहुंच गए और डॉक्टरों के न आने की शिकायत की। उधर, कतार में लगे मरीजों ने शोरशराबा शुरू कर दिया।
सीएमएस ने बताया कि डॉक्टरों को समय से पहुंचने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अस्पताल में तीन फिजिशियन, नेत्र रोग, एआरवी, त्वचा रोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं। अस्पताल में रोज एक हजार से ज्यादा मरीजों की ओपीडी होती है। शनिवार को पूरे दिन 700 मरीजों की ओपीडी हुई जिनमें सर्वाधिक मरीज बुखार और खांसी के थे। डॉक्टरों ने बताया कि बदलते मौसम के कारण वायरल फीवर और बुखार, खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
तीन नए कोरोना संक्रमित, 29 हुए सक्रिय केस
कोविड सर्विलांस टीम के प्रभारी डॉ अनुराग ने बताया कि लाल फाटक इलाके में रहने वाले दंपती को कोविड पॉजिटिव पाया गया है। इनमें पति जिला अस्पताल में संविदा कर्मी है। इज्जतनगर में रहने वाले 55 वर्षीय ब्रिज कॉर्पोरेशन के कर्मचारी जिला स्तरीय बैठक में सम्मलित होने के दौरान दूसरे लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हो गया है। इसके बाद जिले में 29 सक्रिय मरीज हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑनलाइन सिस्टम नहीं हुआ ठीक, हाथ से ही बनाए जा रहे टिकट
