बरेली: ऑनलाइन सिस्टम नहीं हुआ ठीक, हाथ से ही बनाए जा रहे टिकट
रोडवेज बसों के संचालन में हो रही देरी, यात्री हो रहे परेशान
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। रोडवेज का आनलाइन सिस्टम शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बंद रहा। इसकी वजह से बसों का संचालन देरी से हुआ और यात्रियों को परेशानी हुई। आनलाइन काम नहीं होने से अधिकारी और कर्मचारी भी परेशान रहे। अभी यात्रियों को हाथ से ही टिकट काटकर दिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद ही आगे का काम शुरू किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम का इलेक्ट्रानिक टिकट सिस्टम ने बुधवार की सुबह से अचानक से काम करना बंद कर दिया था। पहले दिन आनलाइन सेवाएं प्रभावित होने से रोडवेज के संचालन पर भी इसका असर पड़ा था। उसके बाद से ही रोडवेज में यात्रियों को हाथ से टिकट काटकर दिए जा रहे हैं। शनिवार को भी पुराने और सेटेलाइट बस अड्डे पर कुछ रूटों पर बसों का संचालन भी प्रभावित होने से यात्रियों को दिक्कत हुई।
आनलाइन सिस्टम के काम नहीं करने से आनलाइन बस की बुकिंग कराना बंद कर दी गई है। वहीं बरेली रीजन के अधिकारी बसों के रूट और किराए की दूसरी सूची बनाकर डेटा तैयार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक दो दिन में नई वेबसाइट बनकर तैयार हो जाएगी। उसके बाद से ही मशीन से यात्रियों को टिकट बनाकर दिए जाने लगेंगे।
यह भी पढ़ें- Bareilly: ODOP के तहत 25 लाख के लोन पर मिलेगी 25 फीसदी सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन
