सुलतानपुर : पार्टी विरोधी गतिविधि में संलिप्त 23 भाजपाई निष्कासित
अमृत विचार, सुलतानपुर । निकाय चुनाव शुरू होते ही विवादों से घिरी भारतीय जनता पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। सिंबल न मिलने से कई पदाधिकारियों की ओर से नामांकन करने के साथ सभासद का टिकट दिलाने के लिए एक आडियो जारी होने से किरकिरी झेल रहे भाजपा ने अब कड़ा कदम उठाया है। जिलाध्यक्ष डा. आरए वर्मा ने पार्टी के 23 कार्यकर्ता, सक्रिय सदस्य, पार्टी पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चैधरी के आदेश पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष पदों व नगर पालिका के सभासद पद के लिए भाजपा के घोषित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण या पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने के कारण और अनुशासनहीनता के कारण 23 पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा जारी सूची में कादीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे विजय भान सिंह मुन्ना, कोइरीपुर में पूनम जायसवाल के पति राजेश जयसवाल एवं प्रतिभा साहू के पति सौरभ साहू, दोस्तपुर मंडल अध्यक्ष संजय कसौधन, भानमती गौतम, मंजू सोनकर, किरण सोनकर एवं शांति देवी को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
इसी क्रम में लंभुआ में जयशंकर त्रिपाठी, नगर के ठठेरी बाजार में पार्टी के घोषित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे आकाश जायसवाल अक्कू, घासीगंज पूर्व सभासद संदीप गुप्ता, शास्त्रीनगर आशीष रघुवंशी, सीताकुंड अरुण कुमार तिवारी, पयागीपुर गिरीश कुमार मिश्रा, खैराबाद विजय सेक्रेटरी, लाल डिग्गी दीप सिंह, बढ़ैयावीर कुंवर प्रताप सिंह, अनूप कुमार मिश्रा, नारायणपुर सत्य नारायण सिंह व राजेश्वर सिंह, विवेक नगर अनुराग श्रीवास्तव एवं अमित पांडेय, घोसियाना राम सिंह को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया पार्टी ऐसे लोगों की तरफ भी निगाह बनाए हुए हैं जो पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ भीतरघात कर रहे हैं। ऐसे लोग सावधान हो जाएं नहीं तो पार्टी इनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को लेकर आज रवाना होगीं रोडवेज की 22 बसें
