Mahoba: सत्तर दिनों से चल रहे धरने के बाद भी सरकार खामोश, पूर्व सैनिक कल्याण एसोसिएशन ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
महोबा में पूर्व सैनिक कल्याण एसोसिएशन ने सांसद को सौंपा ज्ञापन।
महोबा में पूर्व सैनिक कल्याण एसोसिएशन ने सांसद को ज्ञापन सौंपा। सत्तर दिनों से चल रहे धरने के बाद भी सरकार खामोश है।
महोबा, अमृत विचार। पूर्व सैनिक कल्याण एसोसिएशन ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन हमीरपुर महोबा के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को सौंपा। सांसद को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि पूर्व सैनिक वर्ग की विभिन्न मांगों को पूरा करने के लिए दिल्ली के जंतर मंतर पर 20 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना संचालित हो रहा है।
देश के पूर्व सैनिकों के संगठनों से जुड़े लाखों पूर्व सैनिक व पूर्व सैनिक विधवाएं शीघ्र मांगों को पूरा करने को लेकर इस धरने में शामिल हो रहे है। लंबे समय से पूर्व सैनिक वर्ग से जुड़ी हुई पेंशन, पारिवारिक पेंशन, डिसेबिलिटी पेंशन जैसे विषयों पर कई विसंगतियां चल रही है। जिसके कारण पूर्व सैनिकों को आंदोलन धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
धरने को 70 दिन होने के बाद भी सरकार द्वारा इसका संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। जिससे पूर्व सैनिक वर्ग और उनके परिजन मायूस और निराश है। सांसद से मांग की गई है कि पूर्व सैनिकों के मुद्दे को लोकसभा व राज्यसभा में उठाकर मांगों का समाधान कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष राजेंद्र कुमार तिवारी, सचिव अजय विक्रम सिंह, राठ अध्यक्ष जागेश्वर प्रसाद, सुनील तोमर, सदानंद खरे, इंद्रजीत, सूरज सिंह यादव, जयपाल राजपूत, रमेश राजपूत, कुलदीप भटनागर, रमेश चंद्र त्रिपाठी के साथ ही सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
