PM ने विश्व पटल पर भारत माता की छवि को उज्ज्वल किया : ब्रजेश पाठक
अमृत विचार ,रायबरेली। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को यहां कहा कि 2014 तक पूरे विश्व में भारत की छवि भ्रष्टाचारी नेताओं की बनी हुई थी। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व का भ्रमण करके भारत माता की छवि को उज्जवल किया है।
रविवार को शहर के गांधीनगर स्थित सेनानी होटल में निकाय चुनाव की सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में घोटाले पर घोटाले हुआ करते थे। पूर्व की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी। कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, कामनवेल्थ घोटाला आदि घोटालों की लाइन लगी हुई थी। पूरे विश्व में भारत की छवि धूमिल हो चुकी थी 2014 के बाद तीन साल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे विश्व के विभिन्न देशों का भ्रमण करते रहे और उन्होंने भारत माता की छवि को विश्व पटल पर स्वच्छ रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद की जो पहल अटल बिहारी वाजपई ने शुरू की थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे बढ़ाया है ।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी आयुष्मान भारत योजना के द्वारा देश के करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य का लाभ मिल रहा है ।उज्जवला योजना के तहत गरीबों को गैस कनेक्शन दिए गए ।कोरोना महामारी के बाद सबसे पहले इस बीमारी का टीका भारत ने खोजा है ।उन्होंने कहा कि आपको याद होगा कि पोलियो जैसी बीमारी का टीका खोजने में इस देश को 40- 50 साल लग गए .जबकि कोरोना महामारी का टीका न सिर्फ भारत के लिए तत्काल खोजा गया , अपितु विश्व के 100 देशों को भारत ने कोरोना का टीका दिया है। कोरोना महामारी के दौरान करोड़ों लोगों के खाते में पैसा दिया गया ,ताकि उनकी जीविका पर कोई संकट न रहे। शहरी क्षेत्र के फुटपाथ के दुकानदारों को दस हजार रूपये का ऋण देकर उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री का जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ,जिला अध्यक्ष रामदेव पाल आदि नेताओं ने स्वागत किया।
