80 उत्कृष्ट विद्यालयों ने लिया आकार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कल करेंगे उद्घाटन
रांची। झारखंड में शिक्षा को लेकर संजीदा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की परिकल्पना अब मूर्तरुप ले रही है। राज्य के वंचित और गरीब बच्चों को समय की मांग के अनुरूप उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त करने का सपना साकार होगा। जब मुख्यमंत्री 02 मई 2023 को जिला स्तरीय 80 उत्कृष्ट विद्यालय का शुभारंभ रांची के धुर्वा स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय से करेंगे।
ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय को भी उत्कृष्ट विद्यालय में तब्दील किया गया है। ये सभी 80 विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं, जहां बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ राज्य के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अधिकार भी प्राप्त होगा। झारखण्ड के इतिहास में पहली बार होगा, जब सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के तर्ज पर विकसित करने की सोच को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
मालूम हो कि राज्य सरकार ने पूरे राज्य में 80 जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय, 325 प्रखण्ड स्तरीय लीडर स्कूल और 4,091 ग्राम पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय बनाने एवं सरकारी स्कूल के 15 लाख से अधिक बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य तय किया है।
सरकार गठन के बाद से ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के निर्माण कार्य एवं सीबीएसई संबद्धता को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए गंभीर थे। लेकिन दो वर्ष तक कोरोना संक्रमण काल ने विद्यालयों के निर्माण कार्य को प्रभावित किया। लेकिन जीवन सामान्य होने के बाद जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालयों के काम में तेजी लाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया।
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री ने लुधियाना में जहरीली गैस के रिसाव से हुई मौतों पर दुख जताया, मुआवजे की घोषणा की
