रामपुर: एक फ्यूज बल्ब भी नहीं बदलवा सके विकास का दावा करने वाले - आजम खान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नालापार पर फात्मा जबीं के समर्थन में नुक्कड़ सभा को किया संबोधित

रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री आजम खां ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मैंने आप लोगों के हाथों में कलम देने का इंतजाम किया लेकिन, यह लोग चाकू देना चाहते हैं। कहा कि रामपुर को उद्योगनगरी बनाने का दावा करने वाले एक फ्यूज बल्ब भी नहीं बदलवा सके हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें रामपुर वालों से कोई मोह नहीं है सब चिकनी-चुपड़ी बातें कर रहे हैं। यूनीवर्सिटी से जिस तरह अलीगढ़ और बनारस की पहचान है उस तरह रामपुर की पहचान नहीं हो इसका प्रयास किया जा रहा है। रामपुर पब्लिक स्कूल को बंद करा दिया गया और यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

शहर के मोहल्ला नालापार पर नगर पालिका परिषद रामपुर की सपा प्रत्याशी फात्मा जबीं के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि रामपुर को 40 साल पुराना रामपुर बनाए जाने की साजिश हो रही है। हमने चाकू की पहचान को खत्म करके लोगों के हाथ में कलम देने का काम किया लेकिन, 80 लाख रुपये का चाकू बनाकर चौराहे पर लगवा दिया।

साथ ही कहा कि आपको चाकू बांट दिए जाएं या कलम। भीड़ में से आवाज आई कलम-कलम। उन्होंने सीतापुर में कैद ए तंहाई का भी जिक्र किया। कहा कि रामपुर पब्लिक स्कूल में मामूली फीस में बच्चे अच्छी तालीम हासिल करते थे। लेकिन इनको ये गवारा नहीं है स्कूल को बंद करा दिया गया। यूनिवर्सिटी की वजह से बनारस और अलीगढ़ की पहचान है। हम रामपुर की पहचान भी वैसा ही बनाना चाहते थे लेकिन, यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

आजम खां ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास का दावा करने वाले अब तक एक फ्यूज बल्ब नहीं बदलवा सके हैं। हमने जो विक्टोरिया लाइटें लगवाई थीं, उसको उतार कर ले गए। हमने जो गेट बनवाए थे उनका नाम बदल दिया। कहा कि नया नाम ही रखना था तो कुछ नया बनवा लिया होता, पुराने का नाम क्यों बदल रहे हो। नाम भी पूरी तरह नहीं बदला, एक-एक गेट पर दो-दो नाम लिखे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि वक्त रहते यदि मैंने अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट नहीं लगवाया होता तो कोरोना की पहली और दूसरी लहर में न जाने कितने लोग मौत के मुंह में चले जाते जोड़ा कि कोरोना काल में हमारे ही मेडिकल कॉलेज की इमारत इस्तेमाल हुई। समर्थकों में जोश भरते हुए कहा कि गमों की रात लंबी जरूर है, लेकिन इससे डरो मत, सूरज बन जाओ।

ये भी पढ़ें- रामपुर : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रत्याशी को नूरमहल का समर्थन

संबंधित समाचार