हरदोई: निकाह से पहले दूल्हा लाखों रुपए बटोर कर हुआ रफूचक्कर, दुल्हन पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। धूमधाम से बारात ले कर आया दूल्हा 3 लाख रुपये बटोर कर चुपचाप रफूचक्कर हो गया। दरअसल बात ऐसी थी कि दूल्हे ने निकाह से पहले 4 लाख रुपये की मांग की। दुल्हन के घर वालों ने अपनी इज़्ज़त बचाते हुए किसी तरह जोड़-बटोर कर 3 लाख रुपये इकट्ठा किए और दूल्हे के हाथ पर रख दिए। रुपये हाथ में आते ही दूल्हा वहां से रफूचक्कर हो गया।

मामला कछौना कस्बे का है। वहां के इस्लाम की बेटी की शादी बिजनौर के दिलशाद पुत्र गुलशाद के साथ तय हुई थी। रविवार को बड़े धूमधाम से बारात आई। शादी की रस्मों के बीच निकाह की तैयारी होने लगी। तभी दूल्हे और उसके घर वालों ने 4 लाख रुपये की मांग रख दी। इस बारे में सुनते ही दुल्हन के घर वाले सन्न रह गए। पिता इस्लाम ने अपनी गरीबी और इज़्ज़त बचाने का हवाला दिया, लेकिन दूल्हा और उसके घर वाले टस से मस नहीं हुए। 

सभी लोगों ने मिल कर किसी तरह जोड़-बटोर कर 3 लाख रुपये इकट्ठा किए और दूल्हे के हाथ पर रख दिए। उसके बाद निकाह की तैयारियां शुरू हो गई, लेकिन उसी बीच दूल्हा और उसके घर वाले चुपचाप वहां से रफूचक्कर हो गए। निकाह कुबूल किए बगैर दूल्हे के इस तरह गायब होने से शादी में शोर मच गया। काफी इंतज़ार के बाद जब कुछ नहीं हुआ,तो पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस के मुताबिक जांच की जा रही है। दी गई तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-कानपुर देहात: चढ़ावे में कम जेवर लाने पर बिन दुल्हन लौटी बारात, वर पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर

संबंधित समाचार