Kanpur में अब मृत पशुओं का मशीनों से होगा दाह-संस्कार, वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण भी रोकेगा, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में अब मृत पशुओं का होगा मशीनों से दाह-संस्कार।
कानपुर में अब मृत पशुओं का मशीनों से दाह-संस्कार होगा। पांच करोड़ से पनकी में माडर्न कारकस यूटिलाइजेशन प्लांट बनकर तैयार हुआ। गाजियाबाद से भी दाह-संस्कार के लिए मशीने मंगाई गई। वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण को रोकने के लिए व्यवस्था हुई।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में अब मृत पशुओं का मशीन से दाह-संस्कार होगा। पनकी भाऊसिंह में स्मार्ट सिटी के तहत कारकस यूटीलाइजेशन प्लांट बनकर तैयार हो गया है। यहां लगने वाली मशीनों को भी मंगा लिया गया है। नगर निगम के कर्मचारी इससे पहले मृत पशुओं को दफनाते या इधर-उधर फेंक देते थे। जिससे वायु प्रदूषण के साथ लोगों को भीषण बदबू का सामना करना पड़ता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए विभाग ने प्लांट लगा लिया है।
पनकी में पांच करोड़ रुपये की लागत से माडर्न कारकस यूटीलाइजेशन प्लांट लगाया गया है। पांच साल पहले से प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जल्द इस प्लांट को शुरू किया जाएगा। पिछले दिनों गाजियाबाद से दाह संस्कार करने वाली मशीनें भी प्लांट में आ गई है, जिसे कंपनी के लोग अलग-अलग पार्टस को लगा कर चुके हैं।
मृत जानवर को जंगल में फेंकने का वीडियो हुआ था वायरल
मृत पशु को ले जाने की जिम्मेदारी नगर निगम की होती है, लेकिन अक्सर ऐसी शिकायतें आती हैं कि टीम इन मृत पशुओं को इधर-उधर या फिर जंगल क्षेत्र में फेंककर चली जाती है। पिछले दिनों ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ था जिसके बाद नगर आयुक्त ने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की भी। इन समस्याओं से बचने के लिए माडर्न कारकस यूटीलाइजेशन प्लांट लगाया गया है, प्लांट शुरू होने के बाद से शहर में कहीं भी पशु की मौत होने पर उसे तीन घंटे में उठाकर प्लांट तक पहुंचाना होगा। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा ने बताया कि प्लांट के शुरू होने के बाद मृत पशुओं के दाह-संस्कार की समस्या खत्म हो जाएगी।
इनका हो सकेगा दाह-संस्कार
गाय, घोड़े, बकरी, सुअर, कुत्ता, बिल्ली, भैंस
