अयोध्या: अफसरों ने स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल की परखीं व्यवस्थाएं
मंडलायुक्त, डीआईजी व जिलाधिकारी ने जीआईसी का किया निरीक्षण
अयोध्या, अमृत विचार। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद के समस्त शीर्ष अधिकारी भी फील्ड में उतर गए हैं। व्यवस्थाओं को और भी अधिक सुदृढ़ करने के लिए लगातार निर्देश दे रहे हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त गौरव दयाल ने समस्त नगर निकायों के मतदान पार्टी रवानगी स्थल राजकीय इंटर कालेज व उसमें नगर निगम और गोशाईगंज नगर पंचायत के स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर मौजूद जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने मतदान पार्टियों के रवानगी, मतपेटियों/ईवीएम को रखने हेतु स्ट्रांग रूमों व मतगणना संबंधी समस्त तैयारियों को समय से पूर्ण करने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने समस्त निर्वाचन प्रक्रियाओं को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा संबंधी समस्त तैयारियों को भी सुनिश्चित रखने के निर्देश दिये। इस दौरान एसएसपी मुनिराज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह, एसपी ट्रैफिक राजेंद्र गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं विकास भवन स्थित एनआईसी के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार की उपस्थिति में मतदान कार्मिकों पीठासीन अधिकारी व मतदान कार्मिक प्रथम, द्वितीय व तृतीय का द्वितीय रैंडमाइजेशन किया गया।
ये भी पढ़ें -कीचड़ में फिसलकर गिरीं भाजपा सांसद मेनका गांधी, Sultanpur में विकास की खुली पोल, Video Viral
