Chitrakoot Murder: मामूली विवाद में पड़ोसियों ने युवक को धारदार हथियार से काट डाला, चार दिन के अंदर दूसरी वारदात
चित्रकूट में युवक की धारधार हथियार से काटकर हत्या।
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के तड़ैयापुरवा में मामूली विवाद में पड़ोसियों ने युवक को धारधार हथियार से काट डाला। जिले में चार दिन के अंदर हत्या की दूसरी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
चित्रकूट, अमृत विचार। Chitrakoot Murder मऊ थाना क्षेत्र के हल्दीपुर गांव के मजरे तड़ैयापुरवा में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक को पहले जमकर पीटा गया और फिर गर्दन धड़ से लगभग अलग कर दी। युवक के चाचा ने पड़ोसी दंपति और उसके पुत्र पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तड़ैयापुरवा में रामकैलाश कोल (46) पुत्र स्व. लुल्ला खुर्द का मंगलवार सुबह घर के पास खून से लथपथ शव पड़ा मिला तो गांव में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के बहनोई संदीप कुमार ने बताया कि रामकैलाश अपना घर बनवा रहा था। इसका मैटेरियल वह घर के पास गिरवाता था। आएदिन इसकी चोरी होने पर वह पड़ोसी समरजीत कोल और उसके परिवार को उलाहना देता था।
सोमवार रात वह खाना खाकर पास की दुकान में गुटखा खाने गया था। इसी दौरान रास्ते में उसका समरजीत से विवाद हो गया। गालीगलौज के बाद बात बढ़ गई। इस पर समरजीत, उसकी पत्नी सरोज देवी और पुत्र धर्मराज रामकैलाश को मारते पीटते घसीटकर घर के पास ले गए और जमकर पिटाई करने के बाद बड़े हंसिये से काट डाला।
एसओ बरगढ़ अंजनी कुमार ने बताया कि चाचा हेतलाल ने समरजीत, सरोज देवी और धर्मराज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, एसपी वृंदा शुक्ला ने घटनास्थल का मुआयना किया और अधीनस्थों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
चार दिन के अंदर दूसरी वारदात
चार दिन नहीं बीते कि जिले में हत्या की दूसरी वारदात हो गई। 29 अप्रैल की रात कर्वी कोतवाली अंतर्गत लौढ़िया खुर्द गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसमें युवक के भाई और पत्नी आरोपी हैं और पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर लिया है। अभी इसका खुलासा कर पुलिस ने राहत की सांस ली ही थी कि दूसरी वारदात हो गई।
शव देखकर सिहर उठा हर कोई
रामकैलाश की हत्या इस वीभत्स तरीके से की गई थी कि जिसने भी उसका शव देखा सिहर गया। पूरे शरीर में चोटों के निशान थे और गर्दन धड़ से लगभग अलग थी। ऐसा लग रहा था कि हत्यारों ने पहले उसे जमकर पीटा और इससे भी उनका मन नहीं भरा तो गर्दन रेत दी।
घटना को लेकर दो तरह की बातें
वारदात को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। बताया जाता है कि रामकैलाश अपना घर बनवा रहा था और आएदिन उसका सामान चोरी होने को लेकर वह आरोपी परिवार पर शक करता था। उधर, चर्चा यह भी है कि रामकैलाश अक्सर शराब पीकर समरजीत और उसकी पत्नी को परेशान किया करता था। बीती रात भी इनमें कहासुनी हुई और फिर बात इतनी बढ़ी कि हत्या तक पहुंच गई।
बहनोई के साथ रहता है बेटा
संदीप कुमार ने बताया कि रामकैलाश घर में अकेले रहता है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और पत्नी भी साथ नहीं रहती। बताया कि दस साल पहले वे लोग रामकैलाश के दो वर्षीय बेटे को अपने साथ ले गए थे और अब वह दस साल का है। बताया कि कुछ दिन पहले ही वे लोग यहां निर्माणाधीन मकान को देखने आए थे।
फिर बर्बाद हुआ एक परिवार
आवेश और विवाद ने दो परिवारों को बर्बाद कर दिया। गालीगलौज के बाद जब बात बढ़ी तो बात हत्या तक पहुंच गई। हत्यारोपियों में से एक धर्मराज की उम्र महज 24 वर्ष है। उसकी पिछले साल ही शादी हुई थी। उधर, रामकैलाश की मौत से उसके बेटे के सिर से बाप का साया उठ गया।
आरोपी पुलिस के फंदे में!
इस संबंध में गांव में चर्चा यह भी थी कि तीनों हत्यारोपी हत्या करने के बाद खुद बरगढ़ थाने पहुंच गए पर पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस संबंध में जब बरगढ़ थाना प्रभारी अंजनी कुमार से बात की तो उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
