बरेली : घर-घर जाकर कुंडी भर खटखटाते रहेंगे तो भाजपा की जीत सुनिश्चित- धर्मपाल सिंह 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दी बूथ मजबूत करने की हिदायत

बरेली, अमृत विचार। भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता अगर घर-घर जाकर कुंडी भर खटखटाते रहेंगे तो पार्टी की निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को पूरा शहर घूमने की जरूरत नहीं है। उसे बस अपनी जिम्मेदारी का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना है।

मिनी बाईपास पर एक रिजॉर्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशियों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया। कहा, सभी को चुनाव तक पूरी मेहनत के साथ जुटना होगा, तभी सार्थक परिणाम निकलेंगे। जिसे जिस बूथ की जिम्मेदारी मिली है, वह उसे मजबूत करे। घर-घर जाकर कुंडी खटखटाए और लोगों से मिलकर उनकी परेशानी पूछे। उन्होंने मंडल अध्यक्ष, वार्ड प्रभारी, प्रवासी को चुनाव जीतने के मिशन में लगने को कहा। सम्मेलन में भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा भी मौजूद रहे।

संगठन मंत्री इसके बाद सांसद संतोष गंगवार के आवास पर पहुंचे, जहां सभी प्रतिनिधियों से मिले। उन्होंने जिले में चुनावी माहौल के बारे में जानकारी लेने के बाद काफी देर तक चुनाव पर चर्चा की और रणनीति बनाई गई। करीब साढ़े तीन बजे वह रवाना हो गए। इस दौरान वन मंत्री अरुण सक्सेना, बिथरी विधायक डाॅ. राघवेंद्र शर्मा, नवाबगंज डॉ. एमपी आर्या, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली : चुनाव ड्यूटी से करिए मुक्त, जाना है हनीमून पर

संबंधित समाचार