बरेली : आदमखोर कुत्तों ने एक और मासूम की ली जान, ग्रामीणों में भारी गुस्सा
खना गौंटिया में ईदगाह के मैदान पर खेल रहे बच्चों पर झुंड ने किया हमला
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की सीमा में आने वाले सीबीगंज इलाके में आदमखोर कुत्तों ने मंगलवार देर शाम एक और बच्चे की जान ले ली। कुत्तों का शिकार बना खना गौंटिया का 10 वर्षीय अयान दूसरे बच्चों के साथ ईदगाह मैदान पर खेलने आया था। कुछ ही दिनों के अंतराल में कुत्तों के हमले में दूसरे बच्चे की जान चली जाने से इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है।
नगर निगम के वार्ड- 27 मथुरापुर से जुड़े चार गांवों में आदमखोर कुत्तों का आतंक काफी समय से बना हुआ है। मंगलवार को खना गौटिया गांव में रहने वाले इरफान का बेटा अयान गांव के दूसरे बच्चों के साथ ईदगाह के पास खेल रहा था। तभी अचानक कुत्ते के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। कुछ बच्चों ने भागकर खुद को बचाया और कुछ पेड़ पर चढ़ गए लेकिन अयान को कुत्तों ने जमीन पर गिराकर नोचना शुरू कर दिया और उसके सिर में गहरे जख्म कर दिए।
आसपास से गुजर रहे लोगों ने बच्चों का शोर सुनकर कुत्तों को भगाकर अयान को छुड़ाया। इसके बाद परिवार के लोग आननफानन उसे लेकर मिनी बाईपास पर एक निजी अस्पताल पहुंचे लेकिन कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। अयान की मौत के बाद खना गौंटिया और आसपास के गांवों में फिर मातम छा गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली : नाली और गली के मुद्दों पर ही लड़ूंगा चुनाव- डॉ. केबी त्रिपाठी
