संत कबीर नगर : अब यूपी के युवाओं के हाथ में तमंचा नहीं, टैबलेट दिखता है
अमृत विचार, संत कबीर नगर । स्थानीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान को गति प्रदान करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि पिछले 70 वर्षों तक क्षेत्र के विकास का पैसा भ्रष्ट लोगों की जेब में चला जाता था। चारों तरफ अराजकता का बोलबाला था। तमाम युवा अपने हाथों में तमंचे लेकर ब्यापारियों से वसूली करने में जुटे रहते थे। लेकिन केंद्र में मोदी जी की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार के सभी रास्तों को बंद करके देश की तरक्की और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त कर दिया।
अकेले उत्तर प्रदेश में मार्च 2020 से 15 करोड़ गरीबों को नि: शुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। 2 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय दिये जा चुके हैं। 1 करोड़ 65 लाख गरीबों को उज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन दिये जा चुके हैं। 54 लाख बेघर गरीबों को प्रधानमंत्री आवास की सुविधा मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 6 वर्ष पूर्व तक प्रदेश में रोज कहीं न कहीं दंगे हो जाते थे। ब्यापारियों के अपहरण फिरौती और जमीनों पर कब्जे आम बात थे। लेकिन जब से उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी है माफिया या तो जेल में हैं या फिर उत्तर प्रदेश की धरती से गायब हो चुके हैं। प्रदेश के युवाओं के हाथ में आज तमंचा नहीं बल्कि टैबलेट दिखता है। युवा शक्ति पूरी ताकत से प्रदेश की तरक्की और खुशहाली में अपना योगदान दे रही है। योगी ने कहा कि निकाय चुनाव में मेरे आने का सिर्फ यही उद्देश्य है कि निकायों में भाजपा का कब्जा हो। जिससे विकास की रफ्तार को तेज गति प्रदान की जा सके।
नगरों में जल निकासी की उत्तम व्यवस्था हो, सड़कें चौड़ी हों, सफाई की उत्तम व्यवस्था हो, स्ट्रीट लाइटें हों, उद्योगों की स्थापना हो। जिससे नगर पालिका और नगर पंचायतें स्मार्ट सिटी जैसी दिखें। ऐसा तभी सम्भव है जब भाजपा प्रत्याशियों की जीत हो और पूरा सदन भाजपाई प्रतिनिधियों से सुसज्जित हो। कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद, सांसद प्रवीण निषाद, विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल त्रिपाठी, गणेश चौहान, चेयरमैन प्रत्याशी श्यामसुंदर वर्मा आदि नेताओं ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय और संचालन जिलाध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद श्रीवास्तव ने किया।
ये भी पढ़ें - Nagar Nikay Chunav 2023 : सीएम योगी ने आज आजमगढ़ में एक जनसभा को संबोधित किया
