सुरक्षा बलों ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश, दो आतंकवादी मारे गए
DEMO IMAGE
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया और इस क्रम में दो आतंकवादी मारे गए। रक्षा प्रवक्ता कर्नल एमरॉन मौसावी ने यहां बताया कि कुपवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खुफिया जानकारी मुहैया कराई थी कि नियंत्रण रेखा के पार से माछिल सेक्टर की ओर आतंकवादी लॉन्चपैड से घुसपैठ की कोशिश हो सकती है।
इसके बाद सोमवार से ही जवानों को सतर्क कर दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘इस बेहद दुर्गम तथा दुरूह स्थान पर घुसपैठ को रोकने के लिए समन्वित इंतजाम किए गए थे। भारतीय सेना तथा जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल को घुसपैठ के संभावित स्थानों पर तैनात किया गया था।’’
कर्नल मौसावी ने कहा कि सतर्क जवानों ने बारिश, कम दृश्यता तथा कम तापमान जैसी खराब मौसमीय परिस्थितियों का लगातार दो रातों तक डट कर सामना किया और बुधवार सुबह जवानों को आतंकवादी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि इसके बाद भीषण गोलीबारी हुई और दोनों आतंकवादी मारे गए।
घटनास्थल से दोनों आतंकवादियों के शव, ए के श्रेणी की दो रायफल,गोलियां तथा गोला बारूद बरामद हुआ। प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र की सघन तलाशी ली जा रही है तथा मारे गए आतंकवादियों की शिनाख्त की जा रही है और उनके संगठन के बारे में पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में गैंगस्टर कपिल सांगवान के खिलाफ छापेमारी, छह गिरफ्तार
