Kanpur Dehat News : खामियों के साये में संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, CDO को टूटी मिलीं छत व प्लास्टर
कानपुर देहात में संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र खामियों के साये में है।
कानपुर देहात में संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र खामियों के साये में है। सीडीओ को टूटी मिली छत व प्लास्टर, बारिश में पानी आता। इतना ही नहीं, साइकोलॉजिस्ट व ऑडियोलाजिस्ट नदारद मिलने वेतन काटा।
कानपुर देहात, अमृत विचार। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के औचक निरीक्षण में सीडीओ को खामियां का अंबार मिला। केंद्र की छत छूटी मिली और प्लास्टर भी उखड़ रहा था। जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं बिना सूचना साइकोलॉजिस्ट व ऑडियोलाजिस्ट नदारद मिले। सीडीओ ने वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
बुधवार को सीडीओ सौम्या पांडेय ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वैच्छिक संस्था प्रमिला कटियार चौरिटेबल एंड एजूकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट पुखरायां द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) का औचक निरीक्षण किया। केंद्र लगभग 783 वर्ग फीट के एक बड़े हॉल में स्थापित मिला। जिसे पार्टीशन कर पांच कमरे व एक हॉल बनाया गया है।
जबकि पुनर्वास केंद्र की स्थापना 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 7 से 8 कमरों में होनी चाहिए। केंद्र में 12 कर्मचारी/टेक्नीशियन के पद स्वीकृत हैं। जिसके सापेक्ष सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से केवल छह कर्मचारी/टेक्नीशियन कार्यरत पाए गए। सीडीओ को निरीक्षण के समय साइकोलॉजिस्ट पूजा व ऑडियोलाजिस्ट कुलदीप कुमार बिना किसी सूचना व प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित मिले।
जिस पर स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। केंद्र की छत टूटी पाई गई और प्लास्टर टूटा हुआ था। बारिश के दिनों मे दीवार व छत से पानी आता है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। सीडीओ ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि टूटी हुई छत का कायाकल्प शीघ्र ही करा लिया जाए। वहीं केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था भी अच्छी नहीं मिली और मशीनों में गंदगी पाई गई। प्रकाश के लिए जनरेटर आदि की भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं मिली।
सीडीओ ने दिव्यांगजन से संबंधित रजिस्टर व पत्रावली का अवलोकन किया। जिसमे देखा गया कि 02 से 03 दिव्यांगजन ही उपचार के लिए केंद्र पर लगातार आ रहे हैं। बुधवार को कोई भी दिव्यांग उपचार के लिए केंद्र पर नहीं आया था। इस मौके पर प्रभारी जिला दिव्यांगजन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह, वरिष्ठ सहायक उमानाथ, संतोष कुमार, जसवंत सिंह, प्रदीप कुमार, विद्यानाथ व अनिल कुमार उपस्थित रहे।
