अयोध्या : सीएम की सभा कल, यातायात व्यवस्था बदली
चुनावी जनसभा में आने वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा डायवर्जन
अयोध्या, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को राजकीय इंटर कालेज मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होने वाली चुनावी जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम का संयोजक सांसद लल्लू सिंह को बनाया गया है। सभा को सफल बनाने को भाजपा संगठन पूरी ताकत से जुट गया है। पार्टी 25 हजार लोगो को सभा में आने के लिए सूचीबद्ध किया है।
मुख्यमंत्री की चुनावी सभा को देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है, जो कि सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। यह डायवर्जन जनसभा में आने वाले वाहनों पर लागू नहीं रहेगा। देवकाली बाईपास से कामर्शियल वाहन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे। मनूचा तिराहा से चार व तीन पहिया वाहन रीडगंज की तरफ डायवर्ट किया जायेगा।
अग्रसेन चौराहे से मकबरा तिराहा की तरफ चार व तीन पहिया व ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा। पोस्ट ऑफिस चौराहा से पुष्पराज चौराहा की तरफ व पुलिस लाइन तिराहा से पुष्पराज चौराहा की तरफ चार व तीन पहिया वाहन और ई-रिक्शा प्रतिबन्धित रहेगा। पुष्पराज चौराहा खिड़की अली बेग तिराहा, कसाबाड़ा तिराहा से जीआईसी की तरफ सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा। रिकाबगंज चौराहा से जीआईसी की तरफ चार, तीन पहिया व ई-रिक्शा वाहन प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
गोसाईगंज, बीकापुर, मिल्कीपुर से आने वाले चार पहिया वाहनों की पार्किंग मकबरा तिराहे के बगल डॉ.भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम के खाली मैदान व बहु बेगम मकबरा के अन्दर खाली मैदान में होगी। रुदौली व शहर क्षेत्र की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग जीजीआईसी स्कूल ग्राउंड, पुष्पराज चौराहे के बगल बिजली घर पर दो पहिया वाहन चालक पार्क कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : सिपाही पर छात्रा का पीछा करने का लगा आरोप, वीडियो वायरल
