Deputy CM In Kannauj: केशव प्रसाद मौर्य ने बसपा और कांग्रेस पर गरते, बोले- 25 साल तक सत्ता में नहीं आएंगे अखिलेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार किया।

कन्नौज में केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 25 साल तक अखिलेश सत्ता में नहीं आएंगे। इसके साथ ही उन्होंने बसपा और कांग्रेस पर भी प्रहार किया।

कन्नौज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस एक ही थैले के चट्टे-बट्टे हैं। इन्होंने देश और प्रदेश को जमकर लूटा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन अगले 25 साल तक वह सत्ता में नहीं आ पाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों के चलते आम जनमानस का विश्वास इस बात की भविष्यवाणी कर रहा है। 

बुधवार को शहर के एसबीएस इंटर कालेज मैदान में आयोजित जनसभा में यह बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। कहा कि कांग्रेस का वजूद अब खत्म हो चुका है, जबकि बसपा का कोई जनाधार नहीं है। आम जनता का भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जगा है। सपा सरकार ने प्रदेश को लूटा था। उनके एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के पास लग्जरी गाड़ी होती थी।

Keshav Prasad Kannauj

प्रदेश की योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार किया गया था, लेकिन अब योगी राज में भ्रष्टाचार और अपराध पूरी तरह खत्म हो चुका है। सपा, बसपा और कांग्रेस जातिवाद व तुष्टीकरण के सहारे मैदान में है, जबकि भाजपा बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी नीतियों के कारण मैदान में खड़ी है। निकाय चुनाव 2024 के लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है।

निकाय चुनाव में भारी जीत के बाद अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी, जिससे शहरी क्षेत्र का समग्र विकास होगा। मंच पर जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, सांसद सुब्रत पाठक, छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत समेत भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। 

नीरज के सहारे ब्राह्मणों को साधा

सपा शासन काल में कसावा के बहुचर्चित नीरज मिश्रा हत्याकांड का हर चुनाव में जिक्र होता है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मंच से नीरज का नाम लेकर ब्राह्मणों को रिझाने की कोशिश की तो जिले में शाक्य, कुशवाहा मौर्य समाज को नरुइया के पूर्व प्रधान अरुण शाक्य की हत्या की याद दिलाकर पिछड़ों को साधा। उन्होंने कहा कि जनता सपा के शोषण का चरित्र जानती है।

संबंधित समाचार